गुजराती फिल्म 'गेट सेट गो' ने बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए प्रमोशन बजट किया दान!
फिल्म 'गेट सेट गो' का अनोखा कदम
राजकोट, 29 जुलाई। गुजराती सिनेमा में अपनी विशेष पहचान बनाने की कोशिश कर रही मल्टीस्टारर एडवेंचर फिल्म 'गेट सेट गो' रिलीज से पहले ही सुर्खियों में है। फिल्म की टीम ने एक ऐसा कदम उठाया है, जिसकी प्रशंसा हर जगह हो रही है।
फिल्म की टीम ने यह निर्णय लिया है कि प्रमोशन के लिए निर्धारित बजट अब गुजरात के बाढ़ प्रभावित लोगों की सहायता में लगाया जाएगा। टीम का मानना है कि इस समय फिल्म के प्रचार से ज्यादा महत्वपूर्ण उन लोगों की मदद करना है, जो प्राकृतिक आपदा से प्रभावित हुए हैं।
इस पहल के बारे में फिल्म अभिनेता दीपक तिजोरी ने जानकारी दी। उन्होंने कहा, ''हमने राजकोट के कलेक्टर ओमप्रकाश सिंह से मुलाकात की। पहले हमारी योजना थी कि फिल्म का प्रमोशन बड़े पैमाने पर किया जाएगा, लेकिन गुजरात में बाढ़ के कारण हुए नुकसान को देखते हुए हमने अपना मन बदल लिया। अब हम प्रमोशन पर होने वाले खर्च को बाढ़ पीड़ितों की मदद में लगाने का निर्णय लिया है।''
फिल्म टीम के सदस्य भौमिक संपत ने भी इस पहल के बारे में बताया। उन्होंने कहा, ''हमारी फिल्म 7 अगस्त को रिलीज हो रही है। इसी सिलसिले में हम कलेक्टर से मिले थे। जो राशि हमने प्रमोशन के लिए रखी थी, उसे जरूरतमंदों की मदद के लिए दान कर दिया गया है। हम फिल्म की रिलीज से पहले और बाद में भी मदद करते रहेंगे।''
अभिनेत्री और लेखिका जीनल बेलानी ने इस निर्णय को फिल्म की कहानी से जोड़ा। उन्होंने कहा, ''हमारी फिल्म 'गेट सेट गो' उन लोगों के बारे में है, जो 'चिरंजीवी' नामक समूह बनाकर जरूरतमंदों की सहायता करते हैं। जब प्रमोशन का समय आया और हमने बाहरी हालात देखे, तो हमें एहसास हुआ कि इस समय लोगों को हमारी मदद की अधिक आवश्यकता है।''
'गेट सेट गो' एक मल्टीस्टारर एडवेंचर ड्रामा है, जिसे वाल्मिकी पिक्चर्स और जलियान ग्रुप ने बनाया है। इसका निर्देशन अर्णव कुमार ने किया है। फिल्म में दीपक तिजोरी, भौमिक संपत, जीनल बेलानी, रौनक कामदार, भव्य गांधी, ओम भट्ट, शरद शर्मा, धर्मेंद्र गोहिल, मुनि झा, और अस्मित जोशी जैसे कलाकार शामिल हैं।
'गेट सेट गो' 7 अगस्त को सिनेमाघरों में प्रदर्शित होगी।