×

गिरिजा देवी: कैसे 90 रुपए ने बदल दी ठुमरी की रानी की किस्मत?

गिरिजा देवी, जिन्हें 'ठुमरी की रानी' कहा जाता है, ने भारतीय शास्त्रीय संगीत में अपनी अनोखी पहचान बनाई। उनके जीवन की कहानी प्रेरणादायक है, जिसमें उन्होंने समाज की बाधाओं को पार करते हुए संगीत की दुनिया में कदम रखा। मात्र 90 रुपए के मेहनताने से शुरू हुआ उनका सफर उन्हें भारतीय संगीत के शीर्ष पर ले गया। जानें उनके संघर्ष, उपलब्धियों और संगीत में योगदान के बारे में।
 

गिरिजा देवी का संगीत सफर




नई दिल्ली, 7 मई। भारतीय शास्त्रीय संगीत की दुनिया में गिरिजा देवी ने अपनी अनोखी पहचान बनाई। उनकी आवाज में भारतीय संगीत की आत्मा बसी हुई थी। ठुमरी को एक नई पहचान दिलाने वाली गिरिजा देवी ने उस समय संगीत का रास्ता चुना, जब समाज में महिलाओं के लिए मंच पर गाना स्वीकार्य नहीं था। उन्होंने हर बाधा को पार करते हुए खुद को इस ऊंचाई तक पहुंचाया कि लोग उन्हें 'ठुमरी की रानी' कहने लगे।


कम ही लोग जानते हैं कि उनके करियर की शुरुआत में ही उन्हें ऐसा सम्मान मिला था, जो उस समय केवल बड़े कलाकारों को मिलता था। उनका पहला बड़ा रेडियो ऑडिशन लगभग डेढ़ घंटे तक चला, जिसके बाद उन्हें 90 रुपए का मेहनताना मिला, जो उस समय बहुत बड़ी राशि मानी जाती थी।


गिरिजा देवी का जन्म 8 मई 1929 को वाराणसी के एक गांव में हुआ। उनके पिता, रामदेव राय, एक जमींदार और संगीत प्रेमी थे। वह खुद भी संगीत सीखते थे और बड़े कलाकारों के कार्यक्रमों में जाते थे। छोटी गिरिजा भी उनके साथ संगीत सभाओं में जाती थीं, जिससे उनका संगीत की ओर झुकाव बढ़ा। उनके पिता ने समाज की परवाह किए बिना उन्हें संगीत सिखाने का निर्णय लिया।


गिरिजा देवी ने केवल पांच साल की उम्र में संगीत सीखना शुरू किया। उनके गुरु पंडित सरजू प्रसाद मिश्रा थे, जिन्होंने उन्हें 'ख्याल' और 'टप्पा' जैसी शास्त्रीय शैलियों में प्रशिक्षित किया। बचपन से ही वह घंटों रियाज करती थीं, हालांकि घर के कुछ सदस्य उनके संगीत सीखने के पक्ष में नहीं थे। उनकी मां और दादी चाहती थीं कि वह सामान्य लड़कियों की तरह घर-गृहस्थी पर ध्यान दें, लेकिन उनके पिता ने हमेशा उनका समर्थन किया।


जब भी गिरिजा देवी कोई नया राग सीखती थीं, तो उनके पिता उन्हें इनाम में गुड़िया लाकर देते थे। यही प्यार और प्रोत्साहन उनके आत्मविश्वास की सबसे बड़ी ताकत बना। 1944 में उनकी शादी मधुसूदन जैन से हुई, जो उनसे उम्र में काफी बड़े थे। शादी के बाद भी उनका संगीत का सफर जारी रहा, और उनके पति ने उनका समर्थन किया। बाद में उन्होंने श्रीचंद मिश्रा से भी संगीत की शिक्षा ली।


गिरिजा देवी के जीवन में बड़ा मोड़ तब आया, जब 1949 में उन्हें इलाहाबाद रेडियो से बुलावा आया। उनका ऑडिशन करीब डेढ़ घंटे तक चला, जिसमें उन्होंने राग देसी का ख्याल, ठुमरी और टप्पा गाया। ऑडिशन के बाद उन्हें 90 रुपए का मेहनताना मिला, जो उस समय केवल बड़े और प्रसिद्ध कलाकारों को दिया जाता था। इससे उन्हें एहसास हुआ कि रेडियो ने उन्हें टॉप कलाकारों की श्रेणी में रखा है।


इसके बाद, 1951 में उन्होंने बिहार के आरा में अपना पहला बड़ा मंचीय कार्यक्रम किया। वहां मौजूद बड़े कलाकारों और संगीत प्रेमियों ने उनकी आवाज की सराहना की। धीरे-धीरे उनकी पहचान पूरे देश में बनने लगी। उन्होंने ठुमरी, दादरा, कजरी, चैती और होरी जैसी शैलियों को नई ऊंचाई दी। उनकी गायकी में बनारस और पूर्वी उत्तर प्रदेश की संस्कृति की झलक साफ दिखाई देती थी।


गिरिजा देवी को संगीत में उनके योगदान के लिए कई बड़े सम्मान मिले, जैसे कि 1972 में पद्मश्री, 1977 में संगीत नाटक अकादमी पुरस्कार, 1989 में पद्म भूषण और 2016 में पद्म विभूषण। उन्होंने लंबे समय तक संगीत सिखाने का कार्य किया और नई पीढ़ी को भारतीय शास्त्रीय संगीत की परंपरा से जोड़े रखा।


24 अक्टूबर 2017 को दिल का दौरा पड़ने से उनका निधन हो गया। लेकिन उनकी आवाज, ठुमरी और संगीत आज भी लोगों के दिलों में जीवित है।