क्या है ‘हनुमान अंश’ के वायरल गाने का राज? करिश्मा खेमू का डांस सबका दिल जीत रहा है!
करिश्मा खेमू का शानदार डांस परफॉर्मेंस
मुंबई, 14 अक्टूबर (वेब वार्ता)। फिल्म ‘हनुमान अंश’ का लोकप्रिय बुंदेलखंडी भक्ति गीत ‘जब जिद पे आ गई पार्वती’ सोशल मीडिया पर काफी चर्चा में है। हाल ही में, अभिनेता कुणाल खेमू की बहन करिश्मा खेमू ने इस गाने पर एक अद्भुत डांस परफॉर्मेंस पेश किया, जिसने सभी का ध्यान आकर्षित किया।
करिश्मा ने अपने इंस्टाग्राम पर इस डांस का वीडियो साझा किया, जिसमें उनके एक्सप्रेशन और क्लासिकल डांसिंग स्टाइल ने सबको मंत्रमुग्ध कर दिया। उन्होंने बताया कि यह नृत्य माता रानी के प्रति समर्पित है।
करिश्मा का मानना है कि माता रानी में प्रेम और कोमलता के साथ-साथ शक्ति भी होती है। उन्होंने लिखा, “शक्ति कभी खोजने से नहीं मिलती, बल्कि यह आपके अंदर ही होती है। इस नवरात्रि पर मैं मां पार्वती के लिए नृत्य कर रही हूं, क्योंकि जो देवी प्रेम करती हैं, वे लड़ना भी जानती हैं। वे एक साथ कोमल और प्रचंड हैं। जय माता दी।”
उनका यह परफॉर्मेंस सोशल मीडिया पर काफी सराहा जा रहा है। उनकी भाभी और अभिनेत्री सोहा अली खान समेत कई लोगों ने कमेंट्स के जरिए करिश्मा के डांस की प्रशंसा की। सोहा ने लिखा, “बहुत शानदार।”
‘जब जिद पे आ गई पार्वती’ गाने को साधु एस. तिवारी ने गाया और संगीतबद्ध किया है। यह गाना माता पार्वती की दृढ़ता और संकल्प पर आधारित है, जब वे भोलेनाथ (शिव) से विवाह के लिए अड़ जाती हैं। गीत में सप्तऋषि माता पार्वती को समझाते हैं कि शिव एक तपस्वी हैं, जिनके सिर पर गंगा और गले में सांप हैं, वे गृहस्थी के लिए कैसे उपयुक्त हो सकते हैं।
इस लोक-भक्ति गीत में बुंदेली हास्य और गहरी श्रद्धा का अद्भुत मिश्रण देखने को मिलता है। ‘हनुमान अंश’ महान संत श्री नीम करौली बाबा के जीवन और उनकी शिक्षाओं पर आधारित है। यह फिल्म एक लड़के की भावनात्मक और आध्यात्मिक यात्रा को दर्शाती है, जो अपनी दिवंगत मां की याद में ईश्वर की खोज में निकलता है। फिल्म में बाबा के प्रेम, सादगी, मानवता की सेवा और उनके जीवन से जुड़े चमत्कारों को पर्दे पर प्रस्तुत किया गया है।