क्या है 'स्टूडेंट ऑफ द ईयर: आफ्टर डार्क' का रहस्य? शनाया कपूर का डबल रोल दर्शकों को कर रहा है मंत्रमुग्ध!
सीरीज की समीक्षा
रेटिंग: 4.5/5
करण जौहर की प्रसिद्ध फिल्म श्रृंखला 'स्टूडेंट ऑफ द ईयर' अब एक नए और रोमांचक रूप में सामने आई है। 'स्टूडेंट ऑफ द ईयर: आफ्टर डार्क' कॉलेज की चमक-दमक, दोस्ती और प्यार से परे रहस्य, सस्पेंस और गहरे राज की कहानी प्रस्तुत करती है। छह एपिसोड की यह सीरीज दर्शकों को अपनी कहानी से तुरंत जोड़ लेती है और अंतिम एपिसोड तक कई ऐसे मोड़ लाती है, जो सोचने पर मजबूर कर देते हैं।
यह सीरीज जियोहॉटस्टार पर स्ट्रीम हो रही है, जिसका निर्देशन रीमा माया ने किया है। इसे धर्माटिक एंटरटेनमेंट द्वारा निर्मित किया गया है, जिसमें करण जौहर, अदार पूनावाला और अपूर्व मेहता शामिल हैं।
कहानी की शुरुआत सेंट टेरेसा कॉलेज से होती है, जहां की सबसे लोकप्रिय छात्रा आयशा मलिक (शनाया कपूर) की अचानक रहस्यमय परिस्थितियों में मौत हो जाती है। उसकी जुड़वां बहन अदिति मलिक (शनाया कपूर) अपनी बहन की मौत के पीछे का सच जानने की कोशिश करती है। शुरुआत में यह सफर केवल एक कातिल की खोज जैसा लगता है, लेकिन धीरे-धीरे यह एक खतरनाक खेल में बदल जाता है।
जब अदिति अपनी बहन के जीवन से जुड़े लोगों और घटनाओं की जांच करती है, तो उसे कॉलेज के छात्रों के बीच चल रही एक गुप्त प्रतियोगिता के बारे में पता चलता है। इस प्रतियोगिता में एक विशेष पुरस्कार जीतने की चाहत है, लेकिन इसकी कीमत बेहद डरावनी है। हर एपिसोड के साथ नए राज खुलते हैं और कहानी में ऐसे मोड़ आते हैं, जो दर्शकों के शक को बार-बार बदल देते हैं।
इस सीरीज की कहानी की खासियत यह है कि इसमें किसी एक किरदार पर आसानी से भरोसा नहीं किया जा सकता। हर कोई कुछ न कुछ छिपाता नजर आता है, जो दर्शकों की दिलचस्पी बनाए रखता है।
रीमा माया ने इस वेब सीरीज के निर्देशन में अपनी शुरुआत की है। उन्होंने 'स्टूडेंट ऑफ द ईयर' जैसी लोकप्रिय फ्रेंचाइजी को एक नए अंदाज में पेश करने का प्रयास किया है। कॉलेज की पुरानी दुनिया को रहस्य और रोमांच के रंग में ढाला गया है। कहानी में सस्पेंस धीरे-धीरे बढ़ता है और हर एपिसोड के साथ दर्शकों की उत्सुकता भी बढ़ती जाती है।
सीरीज का प्रोडक्शन शानदार है। कॉलेज के सेट, लोकेशन, कैमरे का काम और हर सीन की बारीकियों पर ध्यान दिया गया है। सेंट टेरेसा कॉलेज की दुनिया पर्दे पर प्रभावशाली लगती है। इसकी डार्क थीम को ध्यान में रखते हुए विजुअल्स तैयार किए गए हैं, जो कहानी के माहौल को और बेहतर बनाते हैं।
नाइट सॉन्ग और शालोम बेंजामिन का बैकग्राउंड म्यूजिक भी शानदार है। सस्पेंस से भरे दृश्यों में संगीत तनाव और रोमांच को बढ़ाता है। कई मौकों पर बैकग्राउंड म्यूजिक की वजह से दृश्य का प्रभाव और गहरा हो जाता है।
शनाया कपूर इस सीरीज की सबसे बड़ी ताकत हैं। उन्होंने आयशा और अदिति, दोनों किरदारों को निभाया है। अदिति के किरदार में उनका आत्मविश्वास, भावनाएं और अपनी बहन की मौत का सच जानने की बेचैनी स्पष्ट नजर आती है। वह एक कमजोर और भावुक बहन के रूप में दिखाई देती हैं, लेकिन सच तक पहुंचने के लिए किसी भी हद तक जाने का हौसला भी रखती हैं।
दिविक शर्मा, अभिनव सिंह, मान्या ग्रोवर, दीया दामिनी और आदि मलिक ने भी अपने-अपने किरदारों के साथ कहानी को आगे बढ़ाया है। सभी कलाकारों के किरदारों में कुछ न कुछ रहस्य छिपा है, जिससे दर्शकों के लिए अंदाजा लगाना मुश्किल हो जाता है कि आखिर सच किसके साथ है।
हालांकि, सीरीज ज्यादातर समय दर्शकों को बांधे रखती है, लेकिन कुछ दृश्यों को छोटा किया जा सकता था। कुछ जगह कहानी थोड़ी खिंची हुई महसूस होती है। फिर भी, ये छोटी कमियां सीरीज के रोमांच को ज्यादा प्रभावित नहीं करतीं।
कुल मिलाकर, 'स्टूडेंट ऑफ द ईयर: आफ्टर डार्क' पुरानी फ्रेंचाइजी को एक नए और डार्क अंदाज में पेश करने की एक सफल कोशिश है। इसमें कॉलेज ड्रामा के साथ रहस्य, सस्पेंस, दोस्ती, झूठ और कई चौंकाने वाले मोड़ देखने को मिलते हैं। शनाया कपूर का अभिनय सीरीज की सबसे बड़ी ताकत है। कहानी का हर एपिसोड अपने पीछे एक नया सवाल छोड़ जाता है और दर्शक अगले एपिसोड को देखने के लिए उत्सुक हो जाते हैं।
इस सीरीज की सबसे अच्छी बात यही है कि इसे देखते हुए एक एपिसोड के बाद रुकना मुश्किल हो जाता है। अगर आपको कॉलेज लाइफ, रहस्य, रोमांच और अप्रत्याशित मोड़ वाली कहानियां पसंद हैं, तो 'स्टूडेंट ऑफ द ईयर: आफ्टर डार्क' आपकी वॉचलिस्ट में जरूर होनी चाहिए।
--News Media
पीके/एबीएम