क्या है संतोष दवाखर की नई थ्रिलर 'गोंधल' का राज? जानें ट्रेलर में छिपी कहानी!
गोंधल का ट्रेलर हुआ रिलीज
मुंबई, 27 अक्टूबर। संतोष दवाखर की नई साइकोलॉजिकल थ्रिलर 'गोंधल' का ग्लोबल ट्रेलर हाल ही में जारी किया गया है। मेकर्स ने इसे सोशल मीडिया पर साझा किया है।
यह ट्रेलर महाराष्ट्र की सांस्कृतिक परंपराओं से जुड़ी एक दिलचस्प कहानी का परिचय देता है। इसमें एक रहस्यमय कथा का संकेत मिलता है, जहां इच्छाएं, कर्तव्य और भक्ति आपस में टकराते हैं, जिससे एक नवविवाहित जोड़ा कई परेशानियों में फंस जाता है।
'गोंधल' की कहानी सुमन और आनंदराव नामक नए शादीशुदा जोड़े के इर्द-गिर्द घूमती है, जिनकी जिंदगी उनके व्यक्तिगत इच्छाओं, पारिवारिक जिम्मेदारियों और धार्मिक विश्वासों के बीच उलझ जाती है।
रहस्यमय घटनाओं की एक श्रृंखला उन्हें यह सोचने पर मजबूर कर देती है कि उनके चारों ओर क्या हो रहा है।
ट्रेलर में इस कपल के जीवन से जुड़े विभिन्न दृश्य दर्शाए गए हैं, जो उनकी समस्याओं को उजागर करते हैं। यह फिल्म महाराष्ट्र की सांस्कृतिक परंपराओं पर आधारित है और व्यक्तिगत इच्छाओं और सामाजिक जिम्मेदारियों के बीच के तनाव को भी दर्शाती है।
फिल्म के लेखक और निर्देशक संतोष दवाखर ने कहा, "भारतीय सिनेमा के बारे में वैश्विक दृष्टिकोण अक्सर गरीबी और जाति के संघर्षों की कहानियों पर आधारित होता है। ये सच हैं, लेकिन ये पूरे देश का प्रतिनिधित्व नहीं करते।"
दवाखर ने आगे कहा कि 'गोंधल' केवल एक फिल्म नहीं है, बल्कि यह कई पीढ़ियों की संस्कृति, लोगों और परंपराओं का संगम है। मुझे इस परंपरा को दुनिया के सामने लाने में खुशी होती है। एकेडमी अवॉर्ड्स जैसे वैश्विक समारोह फिल्म निर्माताओं को भारत में ही नहीं, बल्कि विभिन्न महाद्वीपों में हमारी जड़ों की सच्चाई को उजागर करने में मदद करते हैं। मैंने इस फिल्म को एक शक्तिशाली परंपरा को सांस्कृतिक रूप से विश्वसनीय और वैश्विक सिनेमा की भाषा में प्रस्तुत करने के लिए बनाया है।"
'गोंधल' 13 नवंबर, 2026 को सात भाषाओं—हिंदी, मराठी, तमिल, तेलुगु, मलयालम, कन्नड़ और अंग्रेजी में विश्वभर के सिनेमाघरों में प्रदर्शित होगी। मेकर्स के अनुसार, यह पहली मराठी फिल्म होगी जिसे सात भाषाओं में एक साथ रिलीज किया जाएगा। इसकी स्क्रीनिंग भारत, अमेरिका, ब्रिटेन, यूरोप, ऑस्ट्रेलिया, दुबई और अफ्रीका में भी की जाएगी।
इस फिल्म में इशिता देशमुख, किशोर कदम, योगेश सोहानी और निषाद भोईर जैसे कलाकार शामिल हैं।