×

क्या है 'लव लॉटरी' का राज? ट्रेलर में छिपे हैं कई रहस्य!

हिंदी फिल्म 'लव लॉटरी' का ट्रेलर हाल ही में लॉन्च हुआ है, जिसमें प्यार, धोखे और रिश्तों की जटिलताओं को सस्पेंस के साथ पेश किया गया है। फिल्म के कलाकारों में अक्षय ओबेरॉय, विजयंत कोहली और अग्नि अग्यारी शामिल हैं। निर्देशक अरविंद पांडे का कहना है कि यह फिल्म केवल रिश्तों की कहानी नहीं है, बल्कि उन मुद्दों को उजागर करती है जिनसे लोग जूझ रहे हैं। जानें इस फिल्म के बारे में और इसके ट्रेलर में छिपे रहस्यों के बारे में!
 

लव लॉटरी का ट्रेलर हुआ रिलीज



मुंबई, 09 सितंबर (वेब वार्ता)। हिंदी फिल्म 'लव लॉटरी' का ट्रेलर हाल ही में लॉन्च किया गया। इस अवसर पर फिल्म के कलाकार अक्षय ओबेरॉय, विजयंत कोहली, अग्नि अग्यारी, निर्देशक अरविंद पांडे और निर्माता कुलदीप भार्गव 'तुषार' उपस्थित थे। ट्रेलर के विमोचन के दौरान उन परिवारों को भी बुलाया गया, जिन्होंने महिला-केंद्रित कानूनों के दुरुपयोग का अनुभव साझा किया।


सिनेमा गंज फिल्म्स के बैनर तले बनी 'लव लॉटरी' प्यार, विवाह, रिश्तों में बढ़ती दूरियों, धोखे और पुरुषों के अधिकारों से जुड़े मुद्दों को सस्पेंस और सामाजिक दृष्टिकोण के साथ प्रस्तुत करती है। लगभग 2 मिनट 10 सेकंड के ट्रेलर में आधुनिक रिश्तों की चमक के पीछे छिपे बनावटीपन और विश्वासघात की झलक देखने को मिलती है। शादी, तलाक, धोखा और पैसों के लिए विवाह जैसे पहलू कहानी को रहस्यमय बनाते हैं। अक्षय ओबेरॉय का किरदार रिश्तों, विश्वास और कानूनी विवादों में उलझा हुआ नजर आता है, जबकि हेली दारूवाला समेत अन्य कलाकार कहानी में विभिन्न परतें जोड़ते हैं。



निर्देशक अरविंद पांडे का कहना है कि यह फिल्म केवल रिश्तों की कहानी नहीं है, बल्कि उन मुद्दों को उजागर करने का प्रयास है जिनसे आज कई लोग जूझ रहे हैं। निर्माता कुलदीप भार्गव 'तुषार' ने बताया कि यह फिल्म मनोरंजन के साथ-साथ रिश्तों की जटिलताओं, भावनात्मक संघर्षों और कानूनी विवादों से जुड़े सवालों को उठाती है। अंकुर खत्री ने फिल्म की कहानी और पटकथा लिखी है।


फिल्म में कबीर दुहान सिंह, विजयंत कोहली, हेमंत पांडे, इंदिरा कृष्णन, संतोष शुक्ला, विक्रम शर्मा, अग्नि अग्यारी, कुमार सौरभ, अश्वंत लोधी और अर्शदीप संधू भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में नजर आएंगे। नवीन वी. मिश्रा की सिनेमैटोग्राफी, वरुण मिश्रा और अरविंद पांडे का संगीत तथा प्रकाश झा का संपादन इस फिल्म को और भी आकर्षक बनाता है। 'लव लॉटरी' 18 सितंबर 2026 को सिनेमाघरों में प्रदर्शित होगी।