क्या है 'मिस्टर एक्स' की कहानी? जानें इस स्पाई थ्रिलर के बारे में सब कुछ!
स्पाई एक्शन थ्रिलर 'मिस्टर एक्स' को मिली रिलीज की मंजूरी
चेन्नई, 5 अप्रैल। अभिनेता आर्या, गौतम कार्तिक और मंजू वारियर की बहुप्रतीक्षित स्पाई एक्शन थ्रिलर 'मिस्टर एक्स' को सेंट्रल बोर्ड ऑफ फिल्म सर्टिफिकेशन (सीबीएफसी) द्वारा रिलीज के लिए हरी झंडी मिल गई है। इस फिल्म को यूए सर्टिफिकेट प्राप्त हुआ है, जिसका अर्थ है कि यह परिवार के साथ देखने के लिए उपयुक्त है।
यह फिल्म इस महीने के अंत में सिनेमाघरों में प्रदर्शित होने वाली है। आर्या ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इस खबर को साझा करते हुए लिखा, “हम आ रहे हैं। यूए सर्टिफाइड। इस अप्रैल, अनजान और रोमांचक दुनिया में कदम रखने को तैयार। दुनिया भर में तलाश शुरू होगी...।”
फिल्म का निर्माण विनीत जैन और एस. लक्ष्मण कुमार ने किया है, जबकि ए. वेंकटेश सह-निर्माता हैं। इसे मनु आनंद ने निर्देशित किया है, जो 'एफआईआर' जैसी चर्चित फिल्म के लिए जाने जाते हैं।
निर्देशक मनु आनंद ने हाल ही में बताया कि फिल्म इस महीने रिलीज हो रही है। उन्होंने कहा, “ऐसा लगा जैसे सदियां बीत गईं, लेकिन 'मिस्टर एक्स' इस महीने दुनिया भर के सिनेमाघरों में प्रदर्शित होने जा रही है। मैं उन सभी का आभार व्यक्त करता हूं जिन्होंने इस फिल्म पर काम किया। आशा है कि दर्शकों को हमारा प्रयास पसंद आएगा।”
प्रोड्यूसर लक्ष्मण कुमार ने बताया कि यह फिल्म कई वास्तविक घटनाओं से प्रेरित है। इसमें देश पर आए पांच असली खतरों को दर्शाया गया है, जिन्हें भारतीय खुफिया एजेंसियों ने नाकाम किया था। यह फिल्म जासूसी की दुनिया को रोमांचक तरीके से प्रस्तुत करती है। फिल्म में आर्या, गौतम कार्तिक और मंजू वारियर के अलावा सरदकुमार, अनघा, अतुल्या, रायजा विल्सन और काली वेंकट जैसे कलाकार भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में नजर आएंगे।
फिल्म की शूटिंग भारत के विभिन्न शहरों जैसे राजस्थान, चेन्नई और मैसूर में 100 दिनों से अधिक चली। कुछ दृश्य अजरबैजान में भी फिल्माए गए हैं। फिल्म का संगीत शिबू थॉमस ने दिया है, जबकि सिनेमैटोग्राफी अरुल विंसेंट ने की है। एडिटिंग प्रसन्ना ने की है, स्टंट सिल्वा ने कोरियोग्राफ किए हैं और आर्ट डायरेक्शन इंदुलाल कवीद का है।