×

क्या है 'महाप्रभु जगन्नाथ' फिल्म का खास ट्रेलर? जानें इंद्रेश उपाध्याय महाराज की बातें!

ओडिशा के कटक में 'महाप्रभु जगन्नाथ' एनिमेशन फिल्म का ट्रेलर भव्य तरीके से लॉन्च किया गया। आध्यात्मिक गुरु इंद्रेश उपाध्याय महाराज ने इस अवसर पर फिल्म की टीम को शुभकामनाएं दीं और बच्चों को अपनी संस्कृति से जोड़ने की आवश्यकता पर जोर दिया। यह फिल्म भगवान जगन्नाथ के जीवन पर आधारित है और इसे 10 जुलाई को रिलीज किया जाएगा। जानें इस फिल्म के पीछे का उद्देश्य और इंद्रेश उपाध्याय का संदेश।
 

महाप्रभु जगन्नाथ का ट्रेलर लॉन्च




मुंबई, 22 जून। ओडिशा के कटक में एनिमेशन फिल्म 'महाप्रभु जगन्नाथ' का ट्रेलर भव्य तरीके से पेश किया गया। इस अवसर पर आध्यात्मिक गुरु इंद्रेश उपाध्याय महाराज ने ट्रेलर का अनावरण किया और फिल्म की पूरी टीम को शुभकामनाएं दीं। यह लॉन्च इंद्रेश उपाध्याय महाराज की श्रीमद्भागवत कथा के दौरान हुआ, जिसमें 10,000 से अधिक श्रद्धालु शामिल हुए।


जैसे ही ट्रेलर की स्क्रीनिंग शुरू हुई, वहां का माहौल भक्ति और उत्साह से भर गया। उपस्थित लोगों ने इसे ध्यानपूर्वक देखा और 'जय जगन्नाथ' के नारे लगाए।


इस कार्यक्रम में फिल्म की टीम ने एक महत्वपूर्ण संदेश साझा किया, जिसमें उन्होंने बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य भगवान जगन्नाथ की संस्कृति और परंपराओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाना है।


इंद्रेश उपाध्याय महाराज ने फिल्म की टीम को शुभकामनाएं देते हुए कहा, 'आप सभी को बधाई। आज के समय में बच्चों को अपनी संस्कृति और परंपराओं से जोड़ना बहुत आवश्यक है। 'महाप्रभु जगन्नाथ' जैसी फिल्में इस दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास हैं, जो आने वाली पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ने में मदद कर सकती हैं। यह केवल एक फिल्म नहीं है, बल्कि एक ऐसा माध्यम है जो बच्चों और परिवारों को भक्ति और आध्यात्मिक मूल्यों से जोड़ने का कार्य करेगी। मैं सभी परिवारों से अपील करता हूं कि वे इस फिल्म को देखें और इसे एक सांस्कृतिक अनुभव के रूप में अपनाएं।'


फिल्म 'महाप्रभु जगन्नाथ' को भारत की पहली पैन-इंडिया एनिमेशन फिल्म माना जा रहा है, जो भगवान जगन्नाथ के जीवन और उनकी महिमा पर आधारित है। इसे आधुनिक एनिमेशन तकनीक का उपयोग करके बनाया गया है, ताकि यह बच्चों के लिए रोचक और समझने में आसान हो।


इस फिल्म का निर्देशन श्रीपद वरखेडकर ने किया है, जबकि इसकी कहानी और संवाद पल्लवी शर्मा ने लिखे हैं। संगीत अविरल कुमार ने तैयार किया है।


यह फिल्म 10 जुलाई को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है और इसे हिंदी, ओडिया और तेलुगु भाषाओं में दर्शकों के लिए प्रस्तुत किया जाएगा.