क्या है 'भूत बंगला' का राज? अक्षय कुमार की नई फिल्म में कॉमेडी और हॉरर का अनोखा संगम!
भूत बंगला का ट्रेलर हुआ रिलीज
मुंबई, 6 अप्रैल। अक्षय कुमार, वामिका गब्बी, परेश रावल, तब्बू और राजपाल यादव अभिनीत फिल्म 'भूत बंगला' का ट्रेलर हाल ही में जारी किया गया है, जिसमें कॉमेडी और डर दोनों का मिश्रण देखने को मिलता है।
इस ट्रेलर में राजपाल यादव और परेश रावल की कॉमेडी ने दर्शकों को पुराने दिनों की याद दिला दी है। फिल्म की शुरुआत हास्य से होती है, लेकिन अंत तक आते-आते दर्शकों की सांसें थम जाती हैं, क्योंकि 'वधुसूर' की एंट्री होती है, जो चमगादड़ों की सेना के साथ फिर से जीवित हो जाता है।
अक्षय कुमार ने इस फिल्म का ट्रेलर साझा करते हुए बताया कि वह एक शादी के लिए एक शापित महल का चयन करते हैं। लेकिन जब वह महल में पहुंचते हैं, तो उन्हें पता चलता है कि वहां एक भूत है। शुरुआत में अक्षय इस बात को मानने से इनकार करते हैं, लेकिन ट्रेलर के अंत में वधुसूर की एंट्री सबको चौंका देती है। फिल्म में तब्बू का किरदार भी एक महत्वपूर्ण मोड़ लाता है, ऐसा लगता है कि वह ही वधुसूर को पुनर्जीवित कर रही हैं।
वधुसूर एक भूत है, जिसे महल के एक कमरे में कई साल पहले बंद कर दिया गया था, लेकिन कोई ऐसा है जो उसे फिर से जीवित करना चाहता है। फिल्म में हॉरर और कॉमेडी के कई दृश्य हैं। राजपाल यादव एक बार फिर 'चुप चुप के' के 'वन्द्या' की तरह नजर आ रहे हैं, जो हर जगह घूमते रहते हैं, वहीं परेश रावल की कॉमिक टाइमिंग भी बेहतरीन है। कुल मिलाकर, अक्षय कुमार, परेश रावल और राजपाल यादव की तिकड़ी दर्शकों को हंसने पर मजबूर कर देगी।
अक्षय ने ट्रेलर साझा करते हुए लिखा, "भूत बंगला में आपका स्वागत है। यहां लोग सामान्य नहीं हैं... और बंगला भी पैरानॉर्मल है। अपने जोखिम पर आइए।" यह फिल्म 16 अप्रैल को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है, और मेकर्स ने इस बार शो का पेड-प्रीव्यू रखा है, जिसमें पहला शो रात 9 बजे होगा।
गौरतलब है कि अक्षय कुमार और निर्देशक प्रियदर्शन 19 साल बाद एक साथ काम कर रहे हैं। दोनों ने पहले 'हेरा फेरी', 'गरम मसाला' और 'भूल भुलैया' जैसी सफल फिल्मों में साथ काम किया है। अब 'भूत बंगला' के साथ यह जोड़ी फिर से लौट रही है।