क्या है फिल्म 'श्री बाबा नीब करोरी महाराज' की कहानी? जानें सुबोध भावे के शानदार किरदार के बारे में!
फिल्म 'श्री बाबा नीब करोरी महाराज' का टीजर जारी
मुंबई, 8 अप्रैल। संत श्री बाबा नीब करोरी महाराज की प्रेरणादायक जीवन गाथा पर आधारित बहुप्रतीक्षित फिल्म 'श्री बाबा नीब करोरी महाराज' में अभिनेता सुबोध भावे मुख्य भूमिका में दिखाई देंगे। फिल्म का टीजर हाल ही में जारी किया गया है, जिसमें बाबा के दिव्य जीवन और उनकी आध्यात्मिक यात्रा की झलक देखने को मिलती है।
टीजर को देखकर सोशल मीडिया पर दर्शकों की उत्सुकता बढ़ गई है। फिल्म 24 अप्रैल को देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है। इस फिल्म का निर्देशन शरद सिंह ठाकुर कर रहे हैं। इसमें बाबा नीब करोरी महाराज के चमत्कार, उनके अमर प्रभाव और शिक्षाओं को बड़े पर्दे पर प्रस्तुत किया जाएगा।
टीजर में भक्ति, रहस्यवाद और भावनात्मक गहराई का अद्भुत मिश्रण देखने को मिला है। सुबोध भावे ने संत के किरदार में बेहतरीन ट्रांसफॉर्मेशन किया है, जो दर्शकों को काफी प्रभावित कर रहा है। इस फिल्म में सुबोध भावे के साथ एक मजबूत कलाकारों की टीम भी शामिल है, जिसमें हितेन तेजवानी, समीक्षा भटनागर, अनिरुद्ध दवे, हेमंत पांडे, राजेश शर्मा, स्मिता तांबे, आरती नागपाल, गरिमा अग्रवाल, मोहित गुप्ता, वर्षा मणिकचंद और हरदीप कौर जैसे कलाकार महत्वपूर्ण भूमिकाओं में नजर आएंगे।
फिल्म की सिनेमेटोग्राफी कार्तिक मल्लूर ने की है। इसे बलराम गर्ग, बलवीर सिंह, शरद सिंह ठाकुर, खड़क सिंह गौर और नीलम सिंह द्वारा निर्मित किया जा रहा है। फिल्म को अनिशा फिल्म्स इंटरनेशनल द्वारा पीसी ज्वेलर, बीएसआर फिल्म प्रोडक्शंस और एडवांस टेक्नोलॉजी के सहयोग से प्रस्तुत किया जा रहा है। इसका वितरण पूरे भारत में फर्स्ट फिल्म स्टूडियोज एलएलपी द्वारा किया जाएगा।
निर्माताओं के अनुसार, यह फिल्म दृश्यात्मक रूप से समृद्ध और भव्य होगी। इसमें बाबा नीब करोरी महाराज की शिक्षाओं को इस तरह से दर्शाया जाएगा कि हर उम्र और पीढ़ी के दर्शक इससे जुड़ाव महसूस करेंगे। यह फिल्म न केवल आध्यात्मिक गहराई रखती है, बल्कि एक प्रेरणादायक कहानी भी पेश करेगी। दमदार स्क्रिप्ट, बेहतरीन अभिनय और आध्यात्मिक संदेश के कारण 'श्री बाबा नीब करोरी महाराज' दर्शकों को अवश्य पसंद आएगी।