क्या है फिल्म 'धुरंधर' के हिट गानों का राज? रणवीर सिंह ने कोरियोग्राफर विजय गांगुली की तारीफ की!
फिल्म 'धुरंधर' की सफलता का राज
मुंबई, 20 अप्रैल। किसी भी फिल्म की कामयाबी के पीछे उसकी पूरी टीम की मेहनत होती है। इसी तरह, 2025 में आई फिल्म 'धुरंधर' ने बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन किया। इस फिल्म के गाने न केवल दर्शकों का दिल जीतने में सफल रहे, बल्कि सोशल मीडिया पर भी धूम मचाई।
फिल्म के गाने 'एफए9एलए' और 'शरारत' के हुक स्टेप्स ने सोशल मीडिया पर जबरदस्त लोकप्रियता हासिल की। लोग इन स्टेप्स के साथ रील्स और वीडियो बनाने में जुट गए थे, जिसमें आम दर्शकों के साथ-साथ कई मशहूर हस्तियां भी शामिल थीं। इन स्टेप्स के पीछे दिवंगत फिल्म निर्देशक अनिल गांगुली के बेटे और टेलीविजन की जानी-मानी अभिनेत्री रुपाली गांगुली के भाई, कोरियोग्राफर विजय गांगुली का योगदान है।
अभिनेता रणवीर सिंह ने हाल ही में विजय गांगुली की प्रशंसा की। उन्होंने इंस्टाग्राम पर फिल्म की पूरी टीम को सराहा और विजय तथा निर्देशक आदित्य धर की एक तस्वीर साझा की, जिसमें दोनों हंसते हुए नजर आ रहे हैं।
रणवीर ने लिखा, "धन्यवाद विजय। आपने गानों में जो ऊर्जा और मेहनत दिखाई, उसके लिए आभार। 'एफए9एलए' और 'शरारत' के हुक स्टेप्स अब लोगों के बीच बेहद लोकप्रिय हो गए हैं। आपको और आपकी टीम को बधाई।"
गाने 'एफए9एलए' में अक्षय खन्ना का मजेदार डांस स्टेप सोशल मीडिया पर काफी चर्चा में रहा है।
दिलचस्प बात यह है कि इस गाने को किसी भारतीय ने नहीं, बल्कि बहरीन के रैपर 'फ्लिपराची' ने तैयार किया है।
वहीं, 'शरारत' गाने को जैस्मीन सैंडलस और मधुबंती बागची ने अपनी आवाज दी, जिस पर क्रिस्टल डिसूजा और आयशा खान ने परफॉर्म किया।
'शरारत' गाने ने रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर धूम मचाई थी। इसके डांस स्टेप्स और विजय गांगुली की कोरियोग्राफी को दर्शकों ने खूब सराहा। यह गाना इतना लोकप्रिय हुआ कि प्रियंका चोपड़ा के पति निक जोनस ने भी इसकी तारीफ की।