क्या है पूजा गौर की नई वेब सीरीज 'लुटेरी दुल्हन' का राज? जानें सब-इंस्पेक्टर संध्या यादव की कहानी!
पूजा गौर की नई वेब सीरीज 'लुटेरी दुल्हन'
मुंबई, 21 मई। अभिनेत्री पूजा गौर आगामी क्राइम-सस्पेंस वेब सीरीज 'लुटेरी दुल्हन' में सब-इंस्पेक्टर संध्या यादव का किरदार निभा रही हैं। यह सीरीज एक रहस्यमय कहानी पर आधारित है, जिसमें कुछ दुल्हनें शादी के बाद अपने दूल्हों को लूटकर गायब हो जाती हैं। पूजा गौर इस सच्ची घटना पर आधारित कहानी से काफी प्रभावित हुईं।
उन्होंने एक विशेष बातचीत में बताया कि इस कहानी ने उन पर गहरा असर डाला, जिसके चलते उन्होंने तुरंत इस प्रोजेक्ट को स्वीकार कर लिया।
पूजा ने कहा, "इसकी कहानी ने मुझे चौंका दिया। यह सच्ची घटनाओं से प्रेरित है। मैंने सुना कि कई पुरुषों से शादी कर उन्हें लूटने के बाद दुल्हनें अचानक गायब हो जाती हैं, यह सुनकर मुझे विश्वास नहीं हुआ।"
अभिनेत्री ने आगे कहा कि यह उनके लिए बेहद चौंकाने वाला था, लेकिन एक कलाकार के रूप में, उनके मन में इस विषय पर एक शानदार फिल्म या सीरीज बनाने का विचार आया।
उन्होंने सीरीज को 'ड्रामेडी' करार देते हुए कहा कि इसमें दर्शकों को कॉमेडी, सस्पेंस, इमोशन, थ्रिल और मनोरंजन का बेहतरीन मिश्रण देखने को मिलेगा। पूजा ने कहा, "यह एक ऐसा शो है जिसे परिवार के साथ देखा जा सकता है। इसके एपिसोड छोटे और दिलचस्प हैं, जिससे दर्शकों को खत्म होने का एहसास नहीं होगा।"
सीरीज की कहानी मध्य प्रदेश के छोटे शहरों के माहौल को दर्शाती है। पूजा ने बताया कि इस प्रोजेक्ट के दौरान उनकी कोशिश थी कि दर्शक इसे आसानी से समझ सकें।
उन्होंने कहा, "हमने इस प्रोजेक्ट में किसी खास बोली या लहजे पर जोर नहीं दिया। हमारी कोशिश थी कि कहानी सभी को समझ में आए, इसलिए हमने सरल हिंदी का इस्तेमाल किया। मुझे लगता है कि इससे शो अधिक लोगों तक पहुंचेगा।"