क्या है पुलकित सम्राट की सुबह की फिटनेस रूटीन? जानें रेड लाइट थेरेपी के फायदे!
पुलकित सम्राट की हेल्दी सुबह
मुंबई, 25 मई। अभिनेता पुलकित सम्राट अपनी फिटनेस और स्वस्थ जीवनशैली के लिए जाने जाते हैं। हाल ही में, उन्होंने सोशल मीडिया पर अपनी सुबह की दिनचर्या का एक दिलचस्प वीडियो साझा किया, जिसमें वह रेड लाइट थेरेपी का लाभ उठाते हुए दिखाई दिए।
इंस्टाग्राम पर साझा की गई तस्वीर में उन्होंने लिखा, "मेरी सुबह की शुरुआत चेहरे, बालों और आंखों के लिए रेड लाइट थेरेपी से होती है।"
रेड लाइट थेरेपी, जिसे फोटोबायोमॉड्यूलेशन या लो-लेवल लेजर थेरेपी भी कहा जाता है, एक गैर-आक्रामक उपचार विधि है। इसमें त्वचा पर विशेष लाल रोशनी (630 से 700 नैनोमीटर वेवलेंथ) डाली जाती है, जो कोशिकाओं के ऊर्जा स्रोत माइटोकॉन्ड्रिया को सक्रिय करती है। इससे कोशिकाएं बेहतर कार्य करती हैं, ऊर्जा में वृद्धि होती है और शरीर की प्राकृतिक उपचार प्रक्रिया तेज होती है।
इस थेरेपी के कई लाभ हैं। यह त्वचा की विभिन्न समस्याओं के लिए बेहद फायदेमंद साबित हो रही है। यह कोलेजन उत्पादन को बढ़ावा देती है, जिससे त्वचा में लचीलापन आता है, झुर्रियां कम होती हैं और त्वचा युवा दिखती है। मुंहासे, एक्जिमा और सोरायसिस जैसी समस्याओं में भी राहत मिलती है। घाव जल्दी भरते हैं और त्वचा की लालिमा कम होती है।
बालों के झड़ने की समस्या से जूझ रहे लोगों के लिए भी यह उपचार लाभकारी है। नियमित उपयोग से बाल मजबूत होते हैं और नए बाल उगने में मदद मिलती है। इसके अलावा, यह मांसपेशियों के दर्द, जोड़ों के दर्द और सूजन को कम करने में भी सहायक है। कुछ मामलों में, यह कीमोथेरेपी से होने वाले दर्द और मुंह के छालों में भी राहत प्रदान करती है।
विशेषज्ञों का कहना है कि रेड लाइट थेरेपी कोशिकाओं के अंदर अंतराकोशिकीय सिग्नलिंग को सक्रिय करती है, जिससे ऊर्जा उत्पादन बढ़ता है, सूजन कम होती है और ऊतकों की मरम्मत तेज होती है। यह अल्ट्रा-वॉयलेट (यूवी) लाइट से पूरी तरह भिन्न है, क्योंकि इसमें त्वचा को कोई स्थायी नुकसान नहीं होता और कैंसर का खतरा भी नहीं बढ़ता।
हालांकि, यह थेरेपी सामान्यतः सुरक्षित मानी जाती है, लेकिन कुछ साइड इफेक्ट्स भी हो सकते हैं। अधिक मात्रा में उपयोग करने से त्वचा पर लालिमा, सूजन या फफोले पड़ सकते हैं। आंखों की सुरक्षा के लिए थेरेपी के दौरान हमेशा प्रोटेक्टिव गॉगल्स पहनना आवश्यक है। यदि किसी को पहले त्वचा का कैंसर हो चुका है, तो उपयोग से पहले डॉक्टर से सलाह लेना जरूरी है।