क्या है पलाश मुच्छल की नई फिल्म 'तेरा साईं' का रहस्य? जानें इसकी अनोखी कहानी!
फिल्म 'तेरा साईं' की शूटिंग पूरी
मुंबई, 04 अगस्त (वेब वार्ता)। गायक, संगीतकार और फिल्म निर्माता पलाश मुच्छल की नई आध्यात्मिक फिल्म 'तेरा साईं' की शूटिंग अब पूरी हो चुकी है। यह फिल्म साईं बाबा के जीवन, उनकी शिक्षाओं और मानवता के संदेश पर आधारित है, जो आस्था, उम्मीद और करुणा की भावनाओं को दर्शाती है। इस फिल्म का लेखन और निर्देशन पलाश मुच्छल ने स्वयं किया है।
फिल्म में राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता अभिनेता संजय मिश्रा साईं बाबा की भूमिका में नजर आएंगे। उनके साथ सयाजी शिंदे, मनोज जोशी, ओमकार दास माणिकपुरी, अविका गौर और रोहन मेहरा भी महत्वपूर्ण किरदार निभा रहे हैं।
शूटिंग के समापन पर पलाश मुच्छल ने कहा कि 'तेरा साईं' उनके लिए सिर्फ एक फिल्म नहीं, बल्कि एक आध्यात्मिक यात्रा रही है। उन्होंने बताया कि हर एक दृश्य को पूरी ईमानदारी और समर्पण के साथ फिल्माया गया है, और पूरी टीम ने उनके दृष्टिकोण को साकार करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।
उन्होंने यह भी कहा कि यह फिल्म आस्था, मानवता और उम्मीद की कहानी है, और उन्हें विश्वास है कि दर्शक इससे भावनात्मक रूप से जुड़ेंगे। अब फिल्म पोस्ट-प्रोडक्शन के चरण में प्रवेश कर चुकी है।
निर्माताओं का मानना है कि यह फिल्म साईं बाबा की करुणा, प्रेम, सेवा और आध्यात्मिक विचारों को प्रभावशाली तरीके से बड़े पर्दे पर पेश करेगी, जिससे हर आयु वर्ग के दर्शकों तक उनका संदेश पहुंचेगा।
'तेरा साईं' को वर्ष 2027 में सिनेमाघरों में रिलीज किया जाएगा और यह हिंदी, मराठी, तेलुगु और तमिल भाषाओं में उपलब्ध होगी।