क्या है 'नागाबंधम' के पीछे की कहानी? विराट कर्ण ने साझा किए शूटिंग के अनुभव
विराट कर्ण का 'नागाबंधम' अनुभव
चेन्नई, 30 जून। निर्देशक अभिषेक नामा की बहुप्रतीक्षित पौराणिक एक्शन ड्रामा फिल्म 'नागाबंधम: द सीक्रेट ट्रेजर' इस समय दर्शकों का ध्यान आकर्षित कर रही है। फिल्म में मुख्य भूमिका निभा रहे अभिनेता विराट कर्ण ने एक इंटरव्यू में फिल्म की शूटिंग के अनुभव को साझा किया। उन्होंने बताया कि फिल्म में कई चुनौतीपूर्ण दृश्य होने के बावजूद, शूटिंग के दौरान किसी भी कलाकार या क्रू सदस्य को चोट नहीं आई।
विराट कर्ण ने कहा, 'यह फिल्म मेरे करियर के सबसे महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट्स में से एक है। मुझे लगता है कि यह मेरी जिंदगी की सबसे खास भूमिका है। मैं खुद को धन्य मानता हूं कि मुझे अपने दूसरे ही फिल्म में नागासाधु का किरदार निभाने का मौका मिला। मुझे विश्वास है कि भगवान शिव की कृपा के बिना मैं यह नहीं कर पाता।'
अभिनेता ने आगे कहा कि फिल्म के सेट पर कई बार ऐसे हालात बने, जहां शूटिंग करना कठिन था। खासकर खराब मौसम और कठिन लोकेशन्स के कारण क्लाइमैक्स सीक्वेंस को शूट करना चुनौतीपूर्ण था। लेकिन इन सभी कठिनाइयों के बावजूद, पूरी टीम ने मिलकर शूटिंग को सफलतापूर्वक पूरा किया। उन्होंने कहा कि पूरे शूटिंग शेड्यूल के दौरान उन्हें एक सकारात्मक ऊर्जा का अनुभव हुआ, जैसे कोई अदृश्य शक्ति उनकी रक्षा कर रही हो।
उन्होंने यह भी बताया कि दो साल तक चली शूटिंग में किसी को भी गंभीर चोट नहीं आई, जो अपने आप में एक बड़ी उपलब्धि है, खासकर जब फिल्म में कई एक्शन और कठिन दृश्य शामिल थे।
उन्होंने कहा, 'शुरुआत में सब कुछ बहुत मुश्किल था, लेकिन धीरे-धीरे सब आसान होता गया और हमने इसे पूरा किया। दो साल की शूटिंग के दौरान किसी को कोई चोट नहीं लगी और न ही कोई ऐसी घटना हुई।' 'नागाबंधम: द सीक्रेट ट्रेजर' फिल्म 3 जुलाई को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।