क्या है 'नागबंधन: द सीक्रेट ट्रेजर' की कहानी? जानें अभिनेता विराट कर्ण के अनुभव
फिल्म 'नागबंधन: द सीक्रेट ट्रेजर' का रोमांच
चेन्नई, 30 जून। निर्देशक अभिषेक नामा की बहुप्रतीक्षित पौराणिक एक्शन ड्रामा फिल्म 'नागबंधन: द सीक्रेट ट्रेजर' इस समय दर्शकों का ध्यान आकर्षित कर रही है। फिल्म में मुख्य भूमिका निभाने वाले अभिनेता विराट कर्ण ने एक इंटरव्यू में शूटिंग के अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि फिल्म में कई चुनौतीपूर्ण दृश्य होने के बावजूद, शूटिंग के दौरान किसी भी कलाकार या क्रू सदस्य को चोट नहीं आई।
विराट कर्ण ने कहा, ''यह फिल्म मेरे करियर के सबसे महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट्स में से एक है। मुझे लगता है कि यह मेरी जिंदगी की सबसे खास भूमिका है। मैं ऐसा इसलिए कह रहा हूं, क्योंकि मुझे अपने दूसरे ही फिल्म में नागासाधु का किरदार निभाने का अवसर मिला, इसके लिए मैं खुद को धन्य मानता हूं। मुझे लगता है कि भगवान शिव की कृपा के बिना मैं यह नहीं कर पाता।''
अभिनेता ने बताया कि फिल्म के सेट पर कई बार ऐसे हालात बने, जहां शूटिंग करना कठिन था। खासकर खराब मौसम और मुश्किल लोकेशन्स के कारण क्लाइमैक्स सीक्वेंस को शूट करना चुनौतीपूर्ण था। लेकिन इन सभी कठिनाइयों के बावजूद, पूरी टीम ने मिलकर शूटिंग को सफलतापूर्वक पूरा किया। उन्होंने कहा कि पूरे शूटिंग शेड्यूल के दौरान उन्हें एक अलग तरह की सकारात्मक ऊर्जा का अनुभव हुआ। ऐसा लगता था जैसे कोई अदृश्य शक्ति पूरी टीम की रक्षा कर रही हो।
उन्होंने कहा, ''दो साल तक चली शूटिंग में किसी को भी गंभीर चोट नहीं लगी, जो अपने आप में एक बड़ी बात है, खासकर तब जब फिल्म में कई एक्शन और कठिन दृश्य शामिल थे।'' 'नागबंधन: द सीक्रेट ट्रेजर' फिल्म 3 जुलाई को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है।