क्या है 'धुरंधर 2' लीक केस? महाराष्ट्र साइबर पुलिस ने की कार्रवाई!
धुरंधर द रिवेंज का लीक मामला
नई दिल्ली, 7 अप्रैल। आदित्य धर की फिल्म 'धुरंधर द रिवेंज' के लीक होने के मामले में महाराष्ट्र साइबर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ शिकायत दर्ज की है। आरोप है कि फिल्म को अवैध रूप से टेलीग्राम पर साझा किया जा रहा था और इसके लिए पैसे भी लिए जा रहे थे।
पुलिस ने कॉपीराइट एक्ट की धारा 51 के तहत मामला दर्ज किया है। साइबर पुलिस के अनुसार, कुछ व्यक्तियों ने टेलीग्राम पर एक समूह बनाया था, जिसमें फिल्म 'धुरंधर द रिवेंज' की कॉपी मांगने पर भेजी जाती थी। समूह के एडमिन ने इच्छुक लोगों से 50 रुपए तक वसूलकर फिल्म की लिंक या फाइल भेजी। यह गतिविधि काफी समय से चल रही थी।
महाराष्ट्र साइबर सेल ने अब इन टेलीग्राम समूहों के संचालकों की पहचान करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
फिल्म पाइरेसी न केवल फिल्म उद्योग के लिए एक बड़ा आर्थिक संकट है, बल्कि इससे प्रोड्यूसर्स, डायरेक्टर्स और कलाकारों को भी भारी नुकसान होता है। पाइरेसी के कारण फिल्म की बॉक्स ऑफिस कमाई पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है और मेहनत से बनाई गई फिल्म का असली मूल्य नहीं मिल पाता। 'धुरंधर द रिवेंज' एक बड़ी बजट वाली फिल्म है, जिसका दर्शक लंबे समय से इंतजार कर रहे थे।
आदित्य धर के निर्देशन में बनी इस फिल्म के अवैध रूप से साझा किए जाने पर प्रोडक्शन टीम ने महाराष्ट्र साइबर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। साइबर पुलिस ने इस मामले को गंभीरता से लिया है और पाइरेसी के खिलाफ कठोर कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
पुलिस की टीम टेलीग्राम समूह के एडमिन और फिल्म लीक करने वाले अन्य व्यक्तियों के डिजिटल फुटप्रिंट्स का पता लगाने में जुटी है।