×

क्या है 'ड्रैगन' फिल्म की सफलता का राज? कयादू लोहार ने साझा की यादें!

रोमांटिक कॉमेडी-ड्रामा फिल्म 'ड्रैगन' ने अपने एक साल पूरे कर लिए हैं। इस फिल्म ने दर्शकों के दिलों में खास जगह बनाई है। अभिनेत्री कयादू लोहार ने इंस्टाग्राम पर अपनी खुशी जाहिर करते हुए पुरानी यादें साझा की हैं। जानें इस फिल्म की कहानी और कयादू के करियर में इसके महत्व के बारे में।
 

रोमांटिक कॉमेडी-ड्रामा 'ड्रैगन' का एक साल पूरा




मुंबई, 21 फरवरी। साउथ सिनेमा ने हमेशा अपने दर्शकों का दिल जीतने में कोई कसर नहीं छोड़ी है। उनकी फिल्मों की कहानी और कलाकारों का प्रदर्शन दर्शकों को आकर्षित करता है। इसी क्रम में, तमिल सिनेमा की रोमांटिक कॉमेडी-ड्रामा फिल्म 'ड्रैगन' ने दर्शकों के दिलों में एक विशेष स्थान बनाया।


इस फिल्म ने शनिवार को अपनी रिलीज के एक साल पूरे कर लिए हैं।


फरवरी में प्रदर्शित हुई इस तमिल फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन किया। इसमें प्रदीप रंगनाथन, अनुपमा परमेश्वरन, कयादू लोहार और मैस्किन ने मुख्य भूमिकाएँ निभाई थीं।


निर्देशक अश्वथ मरिमुथु द्वारा निर्देशित इस फिल्म की कहानी प्रदीप ने लिखी थी। यह एक कमिंग-ऑफ-एज कहानी है, जो ब्रेकअप, दोस्ती, प्यार और करियर की चुनौतियों को मजेदार और भावनात्मक तरीके से प्रस्तुत करती है।


फिल्म के एक साल पूरे होने पर, अभिनेत्री कयादू ने इंस्टाग्राम पर अपनी खुशी व्यक्त की। उन्होंने फिल्म के सेट से कुछ पुरानी तस्वीरें साझा कीं और लिखा, "ड्रैगन को रिलीज हुए 1 साल पूरा हो गया है। यही वो सफर है, जहां से सब कुछ शुरू हुआ था। मुझे अपने दिल में जगह देने और इतने प्यार से अपनाने के लिए आप सभी का धन्यवाद। पल्लवी हमेशा मेरे लिए खास रहेगी। बहुत-बहुत धन्यवाद और ढेर सारी बधाई।"


फिल्म को दर्शकों ने बहुत सराहा, और यह कयादू लोहार के लिए उनके करियर का महत्वपूर्ण मोड़ साबित हुई। इसी फिल्म से उनका तमिल सिनेमा में डेब्यू हुआ था।


यह फिल्म राघवन की कहानी है, जो स्कूल में ब्रेकअप के बाद पढ़ाई छोड़कर वित्तीय धोखाधड़ी की दुनिया में कदम रखता है। धीरे-धीरे, वह अपने नियंत्रण से बाहर हो जाता है।