×

क्या है जय रंधावा की नई फिल्म 'इश्कनामा' की सच्चाई? जानें इस प्रेम कहानी के पीछे की असली घटना!

जय रंधावा की नई फिल्म 'इश्कनामा' एक सच्ची प्रेम कहानी पर आधारित है, जिसमें वह एक ऐसे प्रेमी की भूमिका निभा रहे हैं जिसने अपने प्यार के लिए लंबा इंतजार किया। फिल्म की कहानी 1981 से 1988 के बीच भारत-पाकिस्तान सीमा के आसपास की पृष्ठभूमि पर आधारित है। जय ने अपनी निजी जिंदगी के अनुभवों को साझा करते हुए कहा कि उनकी कहानी में ऐसा कोई बड़ा त्याग नहीं है। जानें इस फिल्म के बारे में और क्या खास है इसमें!
 

जय रंधावा की नई फिल्म 'इश्कनामा'




मुंबई, 16 जुलाई। पंजाबी सिनेमा के अभिनेता जय रंधावा इन दिनों अपनी आगामी फिल्म 'इश्कनामा' के कारण सुर्खियों में हैं। यह फिल्म एक सच्ची घटना पर आधारित है, जिसमें वह एक ऐसे प्रेमी की भूमिका निभा रहे हैं, जिसने अपने प्यार के लिए लंबा इंतजार किया।


फिल्म की रिलीज से पहले, जय ने अपनी निजी जिंदगी और प्रेम के बारे में खुलकर चर्चा की। उन्होंने बताया कि उनकी जिंदगी में ऐसा कोई अनुभव नहीं है, जिसे 'इश्कनामा' जैसा नाम दिया जा सके।


जय रंधावा ने कहा, "यह फिल्म निर्मल निम्मा की वास्तविक जीवन की कहानी पर आधारित है। मेरी जिंदगी में ऐसा कुछ नहीं हुआ। मैंने किसी के लिए सरहद पार नहीं की और न ही 40 साल तक किसी का इंतजार किया। मैं अभी खुद 40 साल का भी नहीं हुआ हूं, जबकि निम्मा आज 72 साल के हैं और उन्होंने अपने प्यार के लिए करीब 40 साल इंतजार किया। इसलिए 'इश्कनामा' नाम उनकी कहानी पर पूरी तरह फिट बैठता है।"


उन्होंने आगे कहा, "मैं अपनी प्रेम कहानी को ऐसा कोई नाम नहीं दे सकता। हर प्रेम कहानी अलग होती है और 'इश्कनामा' जैसा नाम सिर्फ उसी कहानी के लिए सही है, जिसमें इतना बड़ा त्याग, इंतजार और समर्पण हो। मेरी जिंदगी में ऐसा कोई अनुभव नहीं रहा, इसलिए मैं अपनी कहानी को इस तरह का नाम देने की कल्पना भी नहीं कर सकता।"


फिल्म 'इश्कनामा' असली प्रेमी जोड़े निम्मा और नसीमा के जीवन पर आधारित है, और इसकी कहानी 1981 से 1988 के बीच भारत-पाकिस्तान सीमा के आसपास की पृष्ठभूमि पर आधारित है।


जय रंधावा ने फिल्म के बारे में कहा, "अगर कलाकार ईमानदारी से काम करे तो जिम्मेदारी का बोझ अपने आप हल्का हो जाता है। पूरी टीम ने इस फिल्म को पूरी सच्चाई और मेहनत के साथ बनाया है। मुझे भरोसा है कि दर्शकों तक कहानी की असली भावना जरूर पहुंचेगी।"


फिल्म के निर्देशक अरविंदर एस. खैरा ने कहा, "'इश्कनामा' किसी लेखक की कल्पना नहीं, बल्कि हकीकत में जी गई प्रेम कहानी है। एक फिल्ममेकर को बहुत कम ऐसी कहानियां मिलती हैं, जो कल्पना से भी ज्यादा असर छोड़ती हों। इस कहानी को बड़े पर्दे पर उतारना सम्मान की बात रही।"


'इश्कनामा' का निर्देशन अरविंदर एस. खैरा ने किया है, जबकि फिल्म का निर्माण सौरभ राणा और रवनीत कौर चहल ने किया है। यह फिल्म 'हिंद पाक बॉर्डरनामा' किताब से प्रेरित है। फिल्म में जय रंधावा के साथ शहनाज गिल, सौरभ सचदेवा और कई अन्य कलाकार महत्वपूर्ण भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म का संगीत बी प्राक ने तैयार किया है और गीत जानी ने लिखे हैं।


यह फिल्म 24 जुलाई को भारत, कनाडा और ब्रिटेन समेत दुनिया भर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।