×

क्या है 'कॉन सिटी' का राज? इम्मान अन्नाची और अर्जुन दास की जोड़ी से दर्शकों में बढ़ी उत्सुकता!

दक्षिण भारतीय सिनेमा में हरीश दुरईराज की नई फिल्म 'कॉन सिटी' का टीजर जारी हो गया है, जिसमें इम्मान अन्नाची और अर्जुन दास की जोड़ी नजर आएगी। फिल्म में हास्य, रोमांच और पारिवारिक भावनाओं का बेहतरीन मिश्रण देखने को मिलेगा। टीजर में अर्जुन दास को एक जादुई मशीन मिलते हुए दिखाया गया है, जिससे कहानी में मजेदार मोड़ आता है। दर्शकों में इस फिल्म को लेकर उत्सुकता बढ़ गई है।
 

कॉन सिटी का टीजर हुआ जारी




मुंबई, 2 अप्रैल। दक्षिण भारतीय फिल्म उद्योग में निर्देशक हरीश दुरईराज की नई कॉमेडी-फैमिली फिल्म 'कॉन सिटी' इन दिनों चर्चा का विषय बनी हुई है। दर्शकों में इस फिल्म को लेकर पहले से ही एक खास उत्साह देखने को मिल रहा है। हाल ही में फिल्म के निर्माताओं ने इसका टीजर जारी किया है, जिसमें इम्मान अन्नाची के किरदार का भी खुलासा किया गया है।


फिल्म के प्रोडक्शन हाउस पॉवरहाउस पिक्चर्स ने अपने इंस्टाग्राम पर लिखा, 'हर गली की अपनी कहानी होती है। 'कॉन सिटी' में इम्मान अन्नाची चुट्टी अन्ना का किरदार निभा रहे हैं। यह फिल्म जल्द ही आपके नजदीकी सिनेमाघरों में प्रदर्शित होगी।'


टीजर की शुरुआत ही दर्शकों को रोमांचित कर देती है। इसमें अर्जुन दास को दिखाया गया है, जो अपने घर से भागकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन उनके पीछे एक बड़ा खतरा मंडरा रहा है। एक मनी लेंडर फोन पर उन्हें लगातार धमकी दे रहा है कि अगर उन्होंने धोखा दिया, तो वह उनके परिवार को नहीं छोड़ेगा। अर्जुन दास गुस्से में जवाब देते हैं कि वह पैसे नहीं देंगे और जो करना है कर लें।


इसके बाद, गुस्से में अर्जुन दास अपने आस-पास की चीजों को फेंकते हैं और अचानक उन्हें एक जादुई मशीन मिलती है, जिससे नोट निकलने लगते हैं। यह घटना कहानी में एक मजेदार और रोमांचक मोड़ लाती है, जिससे दर्शक जानने के लिए उत्सुक हो जाते हैं कि आगे क्या होगा।


इस फिल्म में अर्जुन दास और अन्ना बेन के अलावा, योगी बाबू, वदिवुक्कारसी, इम्मान अन्नाची और अखिलन जैसे कलाकार भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में नजर आएंगे।


निर्देशक हरिश दुरईराज ने इस फिल्म में हास्य, रोमांच और पारिवारिक भावनाओं का बेहतरीन मिश्रण प्रस्तुत किया है। टीजर से स्पष्ट है कि यह फिल्म थ्रिलर से भरपूर है। टीजर के बाद फैंस फिल्म को लेकर काफी उत्साहित हैं और यह फिल्म रिलीज से पहले ही चर्चा का विषय बन चुकी है।