☰
×

क्या है 'एक दीवाने की दीवानियत' की सफलता का राज? सोनम बाजवा ने साझा की अपनी भावनाएं!

सोनम बाजवा ने अपनी फिल्म 'एक दीवाने की दीवानियत' के एक साल पूरे होने पर दर्शकों का आभार व्यक्त किया। इस रोमांटिक ड्रामा में हर्षवर्धन राणे के साथ उनकी जोड़ी ने दर्शकों का दिल जीता। जानें इस फिल्म की कहानी और इसके सफल होने के पीछे का राज।
 

सोनम बाजवा ने मनाया फिल्म का एक साल

मुंबई, 21 अक्टूबर। निर्देशक मिलाप जावेरी की रोमांटिक ड्रामा फिल्म 'एक दीवाने की दीवानियत' ने अपनी रिलीज के एक साल पूरे कर लिए हैं। इस अवसर पर, फिल्म की मुख्य अभिनेत्री सोनम बाजवा ने दर्शकों का आभार व्यक्त किया।


सोनम ने अपने इंस्टाग्राम पर कुछ तस्वीरें साझा कीं, जिसमें वह निर्देशक मिलाप जावेरी और अभिनेता हर्षवर्धन राणे के साथ फिल्म की पूरी टीम के साथ नजर आ रही हैं। उन्होंने बताया कि यह फिल्म उनके लिए सबसे चुनौतीपूर्ण अनुभवों में से एक थी। उन्होंने लिखा, "'एक दीवाने की दीवानियत' को एक साल हो गया है। यह मेरे लिए सबसे कठिन लेकिन मजेदार फिल्मों में से एक रही। इस फिल्म को अपनाने और इसे सफल बनाने के लिए आप सभी का धन्यवाद। मैं हमेशा आपकी आभारी रहूंगी।"


फिल्म 'एक दीवाने की दीवानियत' एक रोमांटिक ड्रामा है, जिसमें हर्षवर्धन राणे और सोनम बाजवा की जोड़ी पहली बार बड़े पर्दे पर दिखाई दी थी। यह कहानी एक शक्तिशाली राजनेता के बेटे और एक प्रसिद्ध अदाकारा के बीच के एकतरफा और जुनूनी प्यार की है।


विक्रमादित्य भोसले (हर्षवर्धन राणे) एक अमीर और प्रभावशाली राजनेता का बेटा है, जिसे हर चीज पाने की आदत है। उसे पहली नजर में अदाकारा अदा (सोनम बाजवा) से प्यार हो जाता है और वह उससे शादी करने की ठान लेता है। जब अदा उसके इस एकतरफा प्यार को ठुकरा देती है, तो कहानी खतरनाक जुनून और टकराव में बदल जाती है।


फिल्म ने रिलीज के बाद बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन किया था। मिलाप जावेरी द्वारा निर्देशित इस फिल्म के सह-निर्माता राघव शर्मा हैं। इसकी कहानी मुश्ताक शेख और मिलाप जावेरी ने मिलकर लिखी थी। फिल्म के गाने भी दर्शकों को बहुत पसंद आए, जिन्हें अंशुल गर्ग के बैनर देसी म्यूजिक फैक्टरी के तहत बनाया गया था।