×

क्या है 'आवारापन 2' के गाने 'ये आवारापन' की सफलता का राज? अमाल मलिक ने खोले राज!

इमरान हाशमी की फिल्म 'आवारापन 2' का नया गाना 'ये आवारापन' हाल ही में रिलीज हुआ है, जिसे दर्शकों से शानदार प्रतिक्रिया मिल रही है। गायक अरिजीत सिंह की वापसी के साथ, इस गाने की तुलना 2007 में आई फिल्म 'आवारापन' के हिट गानों से की जा रही है। संगीतकार अमाल मलिक ने आरोप लगाया है कि कुछ लोग उनकी फिल्म और गाने के खिलाफ पेड पीआर कैंपेन चला रहे हैं। उन्होंने दर्शकों से अपील की है कि वे संगीत को दिल से सुनें और तुलना से बचें। जानें इस मामले में और क्या कहा अमाल ने!
 

फिल्म 'आवारापन 2' का नया गाना 'ये आवारापन'


मुंबई, 22 जुलाई। इमरान हाशमी की नई फिल्म 'आवारापन 2' इन दिनों चर्चा का विषय बनी हुई है। इस फिल्म का टाइटल ट्रैक 'ये आवारापन' हाल ही में लॉन्च हुआ है और इसे दर्शकों से शानदार प्रतिक्रिया मिल रही है। इस गाने की खासियत यह है कि गायक अरिजीत सिंह ने लंबे समय बाद वापसी की है। हालांकि, गाने के रिलीज के बाद सोशल मीडिया पर इसकी तुलना 2007 में आई फिल्म 'आवारापन' के हिट गानों से होने लगी है। इसी बीच, संगीतकार अमाल मलिक ने एक बड़ा बयान देते हुए कहा है कि कुछ लोग उनकी फिल्म और गाने के खिलाफ पेड पीआर कैंपेन चला रहे हैं।


अमाल मलिक ने अपने इंस्टाग्राम पर एक विस्तृत नोट साझा किया, जिसमें उन्होंने 'ये आवारापन' को मिल रहे प्यार के लिए दर्शकों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह धुन उनके दिल के बेहद करीब है।


उन्होंने लिखा, 'दिल के सबसे करीब इस धुन को इतना शानदार प्यार देने के लिए आप सभी का धन्यवाद। हर गाने को थोड़ा समय चाहिए होता है, ताकि लोग उसे महसूस कर सकें और वह उनके दिलों में अपनी जगह बना सके।'


इसके बाद, अमाल ने यह भी कहा कि फिल्म इंडस्ट्री के कुछ लोग उनकी फिल्म और उसके म्यूजिक को सफल नहीं होने देना चाहते। इसलिए उनके गाने के खिलाफ एक पेड पीआर कैंपेन चलाया जा रहा है।


अमाल ने कहा, 'फिल्म इंडस्ट्री के कुछ लोग हमारी फिल्म और इसके म्यूजिक को अच्छा प्रदर्शन करते नहीं देखना चाहते। इसलिए मेरे गाने और फिल्म के खिलाफ बड़े लेवल पर पेड पीआर चलाया जा रहा है। लेकिन मेरा जवाब सिर्फ इतना है कि अपने पैसे अपनी अगली फिल्मों के लिए बचाकर रखिए। कौन जानता है कि कल क्या होगा।'


अमाल ने अपनी पोस्ट में 'आवारापन' के ओरिजिनल एल्बम को लेकर चल रही बहस पर भी सफाई दी। उन्होंने बताया कि पहली 'आवारापन' फिल्म के गाने पूरी तरह ओरिजिनल नहीं थे।


उन्होंने कहा, 'तो फिर आओ', 'तेरा मेरा रिश्ता', 'मौला मौला' और 'माहिया' जैसे गाने पहले से मौजूद थे, जिन्हें फिल्म के लिए नए रूप में पेश किया गया था।'


अमाल ने लोगों से अपील की कि तुलना खुशियों की सबसे बड़ी दुश्मन होती है। उन्होंने कहा, 'किसी भी संगीतकार या गाने को आंकने से पहले एक बार आंखें बंद करके उसे दिल से सुनिए।'


पोस्ट के अंत में, अमाल ने लिखा, 'पेड पीआर से वही लोग डरते हैं, जिन्हें कभी दर्शकों का सच्चा प्यार नहीं मिला। मुझे लोगों ने हमेशा अपने दिल में जगह दी है।'


गौरतलब है कि इमरान हाशमी की फिल्म 'आवारापन 2' का नया गाना 'ये आवारापन' हाल ही में रिलीज किया गया है। इस गाने को अमाल मलिक ने कंपोज किया है, इसके बोल रश्मि विराग ने लिखे हैं, जबकि इसे अरिजीत सिंह ने अपनी आवाज दी है।