क्या है आनंद एल राय की नई फिल्म 'तू या मैं' की अनोखी कहानी?
फिल्म 'तू या मैं' की अनोखी कहानी
मुंबई, 13 मार्च। फिल्म निर्माता आनंद एल राय ने अपनी आगामी फिल्म 'तू या मैं' के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस प्रोजेक्ट की सबसे बड़ी विशेषता इसकी अप्रत्याशित कहानी है, जिसने उन्हें आकर्षित किया।
आनंद का मानना है कि 'तू या मैं' एक क्रिएचर सर्वाइवल थ्रिलर है, जो बॉलीवुड में दुर्लभ है। फिल्म की कहानी एक खतरनाक मगरमच्छ के इर्द-गिर्द घूमती है।
उन्होंने कहा, "मुझे इसकी अनोखी कहानी बहुत पसंद आई। हमारे सिनेमा में जानवरों पर आधारित सर्वाइवल कहानियां कम बनती हैं। इसे आज के समय के किरदारों के साथ पेश किया गया है, जो दर्शकों को गहराई से प्रभावित करते हैं।"
इस फिल्म का निर्देशन बिजॉय नांबियार ने किया है। इसमें शनाया कपूर और आदर्श गौरव मुख्य भूमिकाओं में हैं। शनाया कपूर अवनी शाह का किरदार निभा रही हैं, जो एक सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर हैं और लाखों फॉलोअर्स की स्टार हैं। वहीं, आदर्श गौरव मारुति कदम का किरदार निभा रहे हैं, जो नालासोपारा का एक रैपर है। कहानी तब रोमांचक मोड़ लेती है जब ये दोनों एक सुनसान स्विमिंग पूल में फंस जाते हैं, जहां उनके साथ एक खूंखार मगरमच्छ होता है। उनके रिश्ते में अप्रत्याशित मोड़ आता है और सर्वाइवल की जंग शुरू होती है।
आनंद एल राय ने किरदारों की विशेषताओं पर चर्चा करते हुए कहा, "मारुति और अवनी ऐसे लोग हैं, जिन्हें हम रोज देखते हैं। जब दोनों इतनी कठिनाई में होते हैं, तो तनाव बहुत व्यक्तिगत और वास्तविक लगता है, जो कहानी को खास बनाता है।"
आदर्श गौरव ने हाल ही में अपने किरदार के साथ जुड़ाव का अनुभव साझा किया। उन्होंने कहा कि जब उन्होंने स्क्रिप्ट सुनी, तो उन्हें लगा कि मारुति का किरदार उनके लिए ही लिखा गया है। मारुति की इच्छा कि वह अपनी सीमाओं से बाहर निकले और अपनी पहचान बनाए, आदर्श को बहुत हद तक अपनी लगी। उन्होंने कहा, "मारुति ने मुझे वह बनने का मौका दिया, जिसकी मुझे हमेशा से चाहत थी। उस पल मैं उसका दोस्त बनना चाहता था।"