क्या है 'अर्जुन बेवकूफ' का प्रयागराज से खास कनेक्शन? संजय मिश्रा ने किया खुलासा!
फिल्म 'अर्जुन बेवकूफ' का टीजर लॉन्च
मुंबई, 1 अक्टूबर। संजय मिश्रा और राजेश तैलंग अपनी नई फिल्म 'अर्जुन बेवकूफ' को लेकर चर्चा में हैं। इस फिल्म का टीजर 26 सितंबर को प्रयागराज में लॉन्च किया गया। हालांकि, इस अवसर पर दोनों अभिनेता वहां उपस्थित नहीं थे, फिर भी उन्होंने शहर और वहां के निवासियों के प्रति अपनी गहरी भावनाएं व्यक्त कीं।
संजय मिश्रा ने बताया कि उनकी ख्वाहिश थी कि 'अर्जुन बेवकूफ' का सफर प्रयागराज से शुरू हो और वह इस महत्वपूर्ण पल के गवाह बनें, लेकिन ऐसा नहीं हो सका।
उन्होंने अपनी एक पुरानी इच्छा का जिक्र करते हुए कहा, "मेरी जिंदगी में एक ख्वाहिश थी कि जब मैं पहली बार मुंबई में समुद्र देखूं, तो वह पल खास हो। लेकिन वह ख्वाहिश अधूरी रह गई और मैंने समुद्र पहली बार कन्याकुमारी में देखा। इसी तरह, मैं चाहता था कि 'अर्जुन बेवकूफ' का सफर प्रयागराज से शुरू हो, लेकिन दुर्भाग्यवश ऐसा नहीं हो पाया।"
संजय ने प्रयागराज के लोगों का आभार व्यक्त करते हुए कहा, "प्रयागराज के सभी लोगों का धन्यवाद, जिन्होंने 'अर्जुन बेवकूफ' का समर्थन किया है। बहुत-बहुत धन्यवाद। 'अर्जुन बेवकूफ' जिंदाबाद!"
राजेश तैलंग ने भी प्रयागराज के प्रति अपनी विशेष भावनाएं साझा कीं। उन्होंने कहा, "प्रयागराज एक पवित्र भूमि है। जब भी मैं यहां आता हूं, मुझे इस धरती का आशीर्वाद महसूस होता है और यहां के लोगों से हमेशा बहुत प्यार मिलता है। प्रयागराज के लोगों ने इस मिट्टी पर एक बेहतरीन फिल्म बनाई है, जिसका नाम 'अर्जुन बेवकूफ' है।"
राजेश ने आगे कहा, "फिल्म का टीजर 26 सितंबर को प्रयागराज में लॉन्च किया गया था। हम फिल्म का एक छोटा हिस्सा हैं, लेकिन शूटिंग में व्यस्तता के कारण हम टीजर लॉन्च में शामिल नहीं हो सके। हमें इसका अफसोस है, लेकिन जब फिल्म रिलीज होगी, तो मैं जरूर आऊंगा। मुझे प्रयागराज आना हमेशा पसंद है। दर्शकों का फिल्म को इतना समर्थन देने के लिए धन्यवाद।"
'अर्जुन बेवकूफ' एक ऐसी फिल्म है, जिसमें क्राइम, सस्पेंस, डार्क और कॉमेडी का अनूठा मिश्रण देखने को मिलेगा। इस फिल्म में संजय मिश्रा और राजेश तैलंग के साथ डॉली सिंह, आनंद राज, मालवी मल्होत्रा, जिगीशा जोशी, शिखर मिश्रा और सतेंद्र यादव भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में हैं। फिल्म का निर्देशन स्मिता सिंह ने किया है, जबकि इसकी कहानी आनंद राज ने लिखी है।