क्या है अक्षय कुमार और सैफ अली खान की नई फिल्म 'हैवान' का रहस्य? जानें टीजर में क्या है खास!
फिल्म 'हैवान' का टीजर हुआ रिलीज
मुंबई, 12 अगस्त। अभिनेता अक्षय कुमार और सैफ अली खान की नई फिल्म 'हैवान' का टीजर बुधवार को जारी किया गया। इस टीजर में दोनों सितारों की झलक देखने को मिलती है।
अक्षय कुमार ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर टीजर साझा करते हुए लिखा, "वो खतरे को सुनता है, मैं ही खतरा हूं, अब जीत किसकी होगी? हीरो की या हैवान की।"
टीजर में अजीब साये, धुंधली परछाइयां और डरावने दृश्य दर्शकों को एक बेचैन माहौल में ले जाते हैं। यह स्पष्ट है कि फिल्म की कहानी रोमांच और खतरों से भरी होगी। टीजर में सैफ अली खान एक नेत्रहीन व्यक्ति का किरदार निभाते नजर आ रहे हैं।
प्रियदर्शन द्वारा निर्देशित इस फिल्म में रहस्य, खतरे और रोमांच का समावेश होगा। 'हैवान' एक थ्रिलर फिल्म है, जिसका निर्माण केवीएन प्रोडक्शंस और द स्पियन फिल्म्स द्वारा किया जा रहा है। वेंकेट के. नारायण और शैलजा देसाई इसे प्रोड्यूस कर रहे हैं।
अक्षय और सैफ की जोड़ी 18 साल बाद एक साथ स्क्रीन पर दिखाई देगी, जिसे लेकर प्रशंसक बेहद उत्साहित हैं। इसके अलावा, श्रिया पिलगांवकर और सैयामी खेर भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में नजर आएंगी। फिल्म 'हैवान' 11 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
इससे पहले, दोनों अभिनेता फिल्म 'टशन' में साथ नजर आए थे, जो यशराज फिल्म्स के बैनर तले रिलीज हुई थी, लेकिन बॉक्स ऑफिस पर ज्यादा सफल नहीं हो पाई थी।