×

क्या सुभाष घई फिर से जादू बिखेरेंगे? 'ताल-2' की चर्चा ने बढ़ाई उत्सुकता!

सुभाष घई ने अपने सोशल मीडिया पर फैंस से पूछा है कि क्या उन्हें 'ताल-2' बनानी चाहिए। 1999 में आई फिल्म 'ताल' आज भी अपने संगीत और कहानी के लिए जानी जाती है। इस सवाल ने फिल्म प्रेमियों में उत्सुकता बढ़ा दी है। जानें इस चर्चित फिल्म के सीक्वल के बारे में और क्या कहते हैं दर्शक!
 

सुभाष घई का सवाल: क्या बनाना चाहिए 'ताल-2'?



मुंबई, 07 जून (वेब वार्ता)। 1999 में आई फिल्म ‘ताल’ आज भी अपने अद्भुत संगीत और कहानी के लिए जानी जाती है।


अब इस क्लासिक फिल्म के सीक्वल के बारे में चर्चा तेज हो गई है। निर्माता और निर्देशक सुभाष घई ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट के जरिए फैंस से पूछा है कि क्या उन्हें ‘ताल-2’ बनानी चाहिए।


उनके इस सवाल ने फिल्म प्रेमियों में उत्साह भर दिया है और लोग एक बार फिर ‘ताल’ की जादुई दुनिया को बड़े पर्दे पर देखने की उम्मीद जता रहे हैं।


सुभाष घई ने इंस्टाग्राम पर अपनी एक तस्वीर साझा करते हुए लिखा, “ताल के लिए मुझे हॉलीवुड के प्रसिद्ध फिल्म समीक्षक रोजर एबर्ट से बेहतरीन प्रशंसा मिली थी।”


उन्होंने याद किया कि 2005 में शिकागो के एबर्टफेस्ट में ‘ताल’ की स्क्रीनिंग के दौरान रोजर एबर्ट ने फिल्म की सराहना की थी। एबर्ट ने इसे “प्योर मनोरंजन” और “मासूमियत” से भरा बताया था।


उन्होंने कहा था कि फिल्म में एक खुशनुमा, क्लासिक हॉलीवुड-स्टाइल म्यूजिकल भावना है, जो उस समय अमेरिकी सिनेमा में लगभग गायब हो चुकी थी। संगीत, कोरियोग्राफी और ऐश्वर्या राय सहित सभी कलाकारों की परफॉर्मेंस को उन्होंने विशेष रूप से सराहा।


सुभाष घई ने इस प्रशंसा को याद करते हुए लिखा, “मैं बहुत सौभाग्यशाली महसूस करता हूं।” इसके साथ ही उन्होंने फैंस से एक महत्वपूर्ण सवाल पूछा- “क्या आप चाहते हैं कि मैं भारत में किसी नए युवा और प्रतिभाशाली निर्देशक और नई कास्ट के साथ ताल 2 प्रोड्यूस करूं?”


1999 में रिलीज हुई सुभाष घई की फिल्म ‘ताल’ हिंदी सिनेमा की सबसे यादगार म्यूजिकल फिल्मों में से एक मानी जाती है। अनिल कपूर, ऐश्वर्या राय और अक्षय खन्ना की इस फिल्म ने अपनी बेहतरीन कहानी, संगीत और अभिनय से दर्शकों का दिल जीत लिया।


‘ताल’ ने बॉक्स ऑफिस पर बड़ी सफलता हासिल की और देश ही नहीं, विदेशों में भी अपनी खास पहचान बनाई।


इस फिल्म को कई प्रतिष्ठित पुरस्कार मिले और इसका संगीत आज भी लोगों की पसंद बना हुआ है।