क्या सचिन पिलगांवकर की सास ने उन्हें पहचानने में किया था गलती? जानें मजेदार किस्सा!
सचिन पिलगांवकर का मजेदार अनुभव
मुंबई, 26 अक्टूबर। अभिनेता और फिल्म निर्माता सचिन पिलगांवकर ने अपनी प्रसिद्ध मराठी कॉमेडी फिल्म 'आशी ही बनवा बनवी' के सेट से जुड़ा एक दिलचस्प किस्सा साझा किया। उन्होंने बताया कि जब वह फिल्म में साड़ी पहनकर महिला का किरदार निभा रहे थे, तब उनकी सास उन्हें पहचान नहीं पाईं।
जब सचिन ने उनके पैर छूकर पूछा कि क्या उन्होंने उन्हें नहीं पहचाना, तो उनकी सास हैरान रह गईं। यह मजेदार किस्सा सचिन ने अभिनेत्री माधुरी दीक्षित के क्विज शो 'कौन होणार करोड़पति' में सुनाया।
इस शो के आगामी एपिसोड में सचिन पिलगांवकर और अभिनेत्री मधुरानी गोखले दिखाई देंगे। दोनों ने शो की मेज़बान माधुरी दीक्षित के साथ हॉट सीट पर बैठकर बातचीत की, जहां सचिन ने अपनी फिल्म की शूटिंग से जुड़ी इस मजेदार घटना को याद किया।
सचिन ने कहा, ''एक बार मेरी सास फिल्म के सेट पर मुझसे मिलने आई थीं। उस समय मैं साड़ी में था। मेरी सास ने मेरी पत्नी सुप्रिया को बुलाकर पूछा, 'तुम्हारे बगल में वह महिला कौन है?' इसके बाद मैंने झुककर उनके पैर छूते हुए पूछा, 'मां, क्या आपने मुझे पहचाना नहीं?' यह सुनकर वह चौंक गईं।''
सचिन का साड़ी में लुक फिल्म 'आशी ही बनवा बनवी' के सबसे यादगार लम्हों में से एक बन गया। यह मराठी कॉमेडी फिल्म 1988 में रिलीज हुई थी, जिसका निर्देशन सचिन पिलगांवकर ने किया था और निर्माता किरण शांताराम थे। फिल्म की कहानी चार दोस्तों के इर्द-गिर्द घूमती है, जो किराए पर घर खोजते हैं।
कहानी में तब मजेदार मोड़ आता है जब मकान मालकिन स्पष्ट कर देती है कि वह अपना घर केवल विवाहित जोड़ों को किराए पर देगी। इस स्थिति में, दो दोस्त महिलाओं का भेष धारण कर लेते हैं और अपने दोस्तों की पत्नियों के रूप में रहने का नाटक करते हैं। इसके बाद गलतफहमियों और हास्य घटनाओं का सिलसिला शुरू होता है।
फिल्म में सचिन पिलगांवकर के साथ अशोक सराफ, लक्ष्मीकांत बेर्डे, सिद्धार्थ रे, सुप्रिया पिलगांवकर, अश्विनी भावे, निवेदिता जोशी-सराफ, प्रिया अरुण बेर्डे, सुधीर जोशी और विजू खोटे जैसे कलाकार भी शामिल थे।