☰
×

क्या गजेंद्र चौहान ने पाकिस्तानी सीरीज पर बैन लगाने की सही मांग की?

अभिनेता गजेंद्र चौहान ने नेटफ्लिक्स पर प्रसारित पाकिस्तानी सीरीज 'जो बचे हैं संग समेट लो' पर बैन लगाने की मांग की है। उन्होंने अधिकारियों पर सवाल उठाते हुए कहा कि जब पाकिस्तानी कलाकारों पर रोक है, तो इस सीरीज को अनुमति कैसे मिली? चौहान ने दिल्ली में इसकी स्क्रीनिंग को भी आपत्तिजनक बताया और सरकार से इस पर ध्यान देने की अपील की। जानें उनके विचार और इस मामले में क्या हो रहा है।
 

गजेंद्र चौहान की प्रतिक्रिया

मुंबई, 26 नवंबर। अभिनेता और पूर्व एफटीआईआई चेयरमैन गजेंद्र चौहान ने नेटफ्लिक्स पर प्रसारित होने वाली पाकिस्तानी सीरीज 'जो बचे हैं संग समेट लो' पर बैन लगाने की मांग की है। उनका कहना है कि जब पाकिस्तानी कलाकारों पर प्रतिबंध है, तो इस सीरीज को अनुमति कैसे मिली?


गजेंद्र चौहान ने एक मीडिया चैनल के साथ बातचीत में उन अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है, जिन्होंने भारत में पाकिस्तानी कंटेंट को दिखाने की अनुमति दी।


उन्होंने कहा, "अगर हिंदुस्तान में पाकिस्तानी विषयों पर आधारित फिल्में, शॉर्ट फिल्में या अन्य सामग्री टेलीकास्ट की जाती हैं, तो यह आपत्तिजनक है। जिन अधिकारियों ने इसे चलाने की अनुमति दी है, उनके खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। आखिरकार, पाकिस्तानी सीरीज को अनुमति कैसे मिली?"


अभिनेता ने आगे बताया, "हमारे देश में पाकिस्तानी कलाकारों का आना बंद हो गया है। पहले जो कलाकार आते थे, वे बी (बिजनेस) वीज़ा पर आते थे और यहां ई (इम्प्लॉयमेंट) वीज़ा पर काम करते थे। यह भी आपत्तिजनक था, जिस पर सरकार ने कार्रवाई की और यह योजना सफल रही। इसके साथ ही, पाकिस्तानी एक्टर्स का यहां आना भी बंद हो गया।"


गजेंद्र चौहान ने सवाल उठाया कि इसके बावजूद दिल्ली में पाकिस्तानी सीरीज की स्क्रीनिंग क्यों हो रही है। उन्होंने कहा, "दिल्ली में पाकिस्तानी सीरीज की स्क्रीनिंग होना बहुत ही आपत्तिजनक है और मैं इसका विरोध करता हूं। हमारी सरकार को इस पर ध्यान देना चाहिए। बेंगलुरु में इस पर रोक लगाई गई है, इसके लिए मैं उन्हें बधाई देता हूं। ऐसा पूरे देश में कहीं भी नहीं होना चाहिए। हमारा देश एक है और हम अनेकता में एकता के साथ जीते हैं।"


हाल ही में, नेटफ्लिक्स की पहली पाकिस्तानी वेब सीरीज 'जो बचे हैं संग समेट लो' की भारत में रिलीज़ रोकने की मांग की गई है। 4 दिसंबर को रिलीज़ होने से पहले ऑल इंडियन सिने वर्कर्स एसोसिएशन (एआईसीडब्ल्यूए) के अध्यक्ष सुरेश श्यामलाल गुप्ता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर इस सीरीज की भारत में स्ट्रीमिंग तुरंत रोकने की मांग की है.