×

क्या 'कॉकटेल 2' में फिर से गूंजेगा 'तुम ही हो बंधु'? शाहिद, रश्मिका और कृति का नया डांस वर्जन!

फिल्म 'कॉकटेल 2' में लोकप्रिय गाना 'तुम ही हो बंधु' एक नए वर्जन में लौट रहा है। इस बार शाहिद कपूर, रश्मिका मंदाना और कृति सेनन के साथ शानदार डांस करते नजर आएंगे। गाने को नए म्यूजिक टच के साथ पेश किया जाएगा, जो पुराने फैंस की यादों को ताजा रखेगा। जानें इस गाने की खासियत और फिल्म की रिलीज डेट के बारे में!
 

फिल्म 'कॉकटेल 2' में नए अंदाज में लौट रहा है 'तुम ही हो बंधु'




मुंबई, 17 जून। बॉलीवुड में कुछ गाने ऐसे होते हैं जो वर्षों बाद भी लोगों के दिलों में बसे रहते हैं। ऐसा ही एक हिट गाना है फिल्म 'कॉकटेल' का 'तुम ही हो बंधु', जो आज भी म्यूजिक प्रेमियों के बीच लोकप्रिय है। अब यह क्लासिक ट्रैक 'कॉकटेल 2' के माध्यम से एक नए रूप में वापस आ रहा है।


इस गाने को एक नए म्यूजिक टच और आधुनिक ध्वनि के साथ पेश किया जाएगा। निर्माताओं का कहना है कि पुराने गाने को नए तरीके से प्रस्तुत करना एक बड़ी चुनौती है, क्योंकि यह लोगों की भावनाओं से जुड़ा होता है और इसमें बदलाव करते समय सावधानी बरतनी पड़ती है।


इस अवसर पर अभिनेता शाहिद कपूर ने अपने इंस्टाग्राम पर गाने का एक झलक साझा की। वीडियो में शाहिद कपूर, रश्मिका मंदाना और कृति सेनन गाने पर शानदार डांस करते नजर आ रहे हैं।


शाहिद ने इस पोस्ट के कैप्शन में लिखा, ''फिल्म 'कॉकटेल 2' 19 जून को रिलीज होने वाली है और हम इसे लेकर बहुत उत्साहित हैं।''


इस गाने का मूल संस्करण प्रसिद्ध म्यूजिक डायरेक्टर प्रीतम चक्रवर्ती ने तैयार किया था, जबकि इसके बोल इरशाद कामिल ने लिखे थे। इसे कविता सेठ और नीरज श्रीधर ने गाया था। यह गाना अपनी ऊर्जा, मस्ती और दोस्ती के लिए जाना जाता है।


अब इस नए वर्जन को संगीत निर्माता अभिजीत वघानी ने तैयार किया है। उन्होंने इसे नए जमाने के म्यूजिक स्टाइल में ढालने का प्रयास किया है, ताकि यह आज की युवा पीढ़ी को भी भाए और पुराने फैंस की यादों को भी ताजा रखे।


अभिजीत वघानी ने कहा, ''इतने लोकप्रिय गाने को फिर से बनाना आसान नहीं है। इस गाने की सबसे बड़ी ताकत इसका टाइमलेस चार्म है, जिसे लोग आज भी महसूस करते हैं। इसलिए इसे दोबारा बनाते समय हमें विशेष ध्यान रखना पड़ा। हमारा उद्देश्य था कि गाने का पुराना जादू बना रहे, लेकिन उसमें नए म्यूजिक टेक्सचर और आधुनिक टच जोड़ा जाए, ताकि यह आज के समय के अनुसार और भी आकर्षक लगे। इस नए वर्जन में पुराने और नए दोनों तरह के म्यूजिक का संगम देखने को मिलेगा।''


इससे पहले, 'कॉकटेल 2' के निर्माताओं ने इसके कुछ अन्य गाने भी जारी किए थे, जैसे 'तुझको', 'वल्लाह', 'माशूका' और 'जब तलक', जिन्हें दर्शकों से अच्छा रिस्पॉन्स मिला है। फिल्म को लेकर पहले से ही चर्चा बनी हुई है।


फिल्म 19 जून को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है।