क्या आप तैयार हैं? ‘सोनू के टीटू की स्वीटी’ 6 मार्च को फिर से बड़े पर्दे पर!
फिल्म की वापसी से फैंस में खुशी
मुंबई, 2 मार्च। हिंदी सिनेमा की चर्चित और प्रिय अदाकारा नुसरत भरूचा ने हाल ही में अपने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो साझा किया।
इस वीडियो के कैप्शन में उन्होंने लिखा, "एक बार फिर हंसी और भावनाओं का अनुभव करें। 'सोनू के टीटू की स्वीटी' 6 मार्च को सिनेमाघरों में फिर से प्रदर्शित होने जा रही है।"
उनके इस पोस्ट पर कुछ ही घंटों में हजारों व्यूज और लाइक्स आ चुके हैं। फैंस इस फिल्म के पुनः रिलीज होने के लिए बेहद उत्सुक हैं।
'सोनू के टीटू की स्वीटी' एक हिंदी कॉमेडी फिल्म है, जिसे लव रंजन ने निर्देशित किया था और यह 2018 में रिलीज हुई थी। इस फिल्म में नुसरत भरूचा के साथ कार्तिक आर्यन और सनी सिंह भी मुख्य भूमिकाओं में हैं। फिल्म की कहानी दोस्ती और रोमांस के बीच के संघर्ष को दर्शाती है, जहां सोनू (कार्तिक) अपने दोस्त टीटू (सनी) को स्वीटी (नुसरत) से बचाने की कोशिश करता है।
यह फिल्म हिंदी सिनेमा की सबसे सफल कॉमेडी फिल्मों में से एक मानी जाती है, जिसे लव रंजन, भूषण कुमार, किशन कुमार और अंकुर गर्ग ने मिलकर प्रोड्यूस किया था। यह बॉक्स ऑफिस पर एक ब्लॉकबस्टर साबित हुई थी, जिसने 100 करोड़ रुपये से अधिक की कमाई की थी।
नुसरत भरूचा का जन्म 17 मई, 1985 को मुंबई में एक दाउदी बोहरा मुस्लिम परिवार में हुआ था। उन्हें 2011 में आई फिल्म 'प्यार का पंचनामा' से पहचान मिली। इसके बाद उन्होंने कई सफल बॉलीवुड फिल्मों में काम किया, जिनमें 'सोनू के टीटू की स्वीटी', 'ड्रीम गर्ल', 'छोरी', 'जनहित में जारी', 'राम सेतु', और 'छलांग' शामिल हैं।
नुसरत ने अपने करियर की शुरुआत टीवी विज्ञापनों से की और फिर 2006 में 'जय संतोषी मां' फिल्म से अपने अभिनय की शुरुआत की। आज वह देश की सबसे लोकप्रिय और सफल अभिनेत्रियों में से एक मानी जाती हैं।