क्या आप तैयार हैं? 'ये दिल आशिकाना' फिर से बड़े पर्दे पर लौट रहा है!
रोमांस का जादू फिर से लौट रहा है
मुंबई, 30 जनवरी। वैलेंटाइन वीक के अवसर पर, 2002 की प्रसिद्ध रोमांटिक ड्रामा 'ये दिल आशिकाना' एक बार फिर से सिनेमाघरों में दस्तक देने जा रही है। करण नाथ और जिविधा शर्मा की जोड़ी 24 साल बाद दर्शकों के सामने उसी पुराने अंदाज में नजर आएगी।
ट्रू एंटरटेनमेंट प्राइवेट लिमिटेड ने यह जानकारी दी है कि यह फिल्म 13 फरवरी को, वैलेंटाइन डे के मौके पर पूरे देश के सिनेमाघरों में रिलीज होगी। दर्शकों को 24 साल बाद फिर से इस फिल्म को बड़े पर्दे पर देखने का मौका मिलेगा। कुकू कोहली द्वारा निर्देशित 'ये दिल आशिकाना' ने अपने समय में बॉक्स ऑफिस पर शानदार सफलता प्राप्त की थी।
इस फिल्म में करण और पूजा (जिविधा शर्मा) के बीच की रोमांटिक केमिस्ट्री, एक्शन और यादगार संगीत (नदीम-श्रवण) ने दर्शकों का दिल जीत लिया था। खास बात यह है कि यह फिल्म कभी किसी ओटीटी या डिजिटल प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध नहीं हुई, इसलिए नई पीढ़ी के लिए यह थिएटर में पहली बार देखने का सुनहरा अवसर है।
ट्रू एंटरटेनमेंट ने फिल्म को आज के दर्शकों की भावनाओं के अनुसार फिर से संपादित किया है और सेंसर बोर्ड से नया सर्टिफिकेट भी प्राप्त कर लिया है। कंपनी के प्रमुख शैलेंद्र मांडोवारा ने कहा, “हम मानते हैं कि कुछ फिल्में केवल थिएटर के लिए बनी होती हैं। 'ये दिल आशिकाना' उनमें से एक है। इसे कभी सैटेलाइट या ओटीटी पर नहीं रिलीज किया गया। 'तुझे मेरी कसम' की री-रिलीज को मिले शानदार रिस्पॉन्स के बाद यह फैसला स्वाभाविक था। यह सिनेमा के जश्न का मौका है, जहां दर्शक बड़े पर्दे पर पुरानी यादें ताजा कर सकेंगे।”
निर्देशक कुकू कोहली ने खुशी व्यक्त करते हुए कहा, “यह फिल्म बड़े पर्दे के लिए ही बनी है, इसका स्केल, संगीत, और इमोशंस सब थिएटर में अनुभव करने लायक हैं। मैं खुश हूं कि नई पीढ़ी इसे उसी तरह देख पाएगी जैसे 2002 में देखा गया था। आज रोमांटिक फिल्मों का बड़ा दर्शक वर्ग है और यह फिल्म युवाओं को खूब पसंद आएगी। सिनेमा की याददाश्त लंबी होती है, ऐसी कहानी हमेशा वापसी करती हैं।”
कुकू कोहली ने 'फूल और कांटे' से अजय देवगन को लॉन्च किया था। 'ये दिल आशिकाना' से उन्होंने करण नाथ और जिविधा शर्मा को भी लॉन्च किया।