×

क्या आप तैयार हैं? मृणाल ठाकुर की 'लव सोनिया' के अनदेखे 9 सीन 20 मार्च को होंगे रिलीज!

मृणाल ठाकुर ने अपने प्रशंसकों को खुश करते हुए 'लव सोनिया' के 9 अनदेखे सीन के रिलीज की घोषणा की है। ये सीन 20 मार्च को यूट्यूब पर प्रीमियर होंगे। मृणाल ने इस फिल्म में सोनिया का किरदार निभाया था, जो अपनी बहन को तस्करी से बचाने के लिए खुद को संकट में डाल देती है। जानें इस फिल्म के बारे में और मृणाल की आगामी फिल्म 'डकैत: एक प्रेम कथा' के बारे में भी।
 

मृणाल ठाकुर की 'लव सोनिया' के अनदेखे सीन




मुंबई, 19 मार्च। टेलीविजन से लेकर फिल्म उद्योग तक अपनी अदाकारी से दर्शकों का दिल जीतने वाली मृणाल ठाकुर ने 'लव सोनिया' के जरिए बॉलीवुड में कदम रखा। इस फिल्म में उन्होंने सोनिया नाम की एक लड़की का किरदार निभाया, जो अपनी बहन को तस्करी से बचाने के लिए खुद को संकट में डाल देती है।


मृणाल ने इस फिल्म में मुख्य भूमिका निभाई थी, जिसके लिए उन्हें काफी प्रशंसा मिली। अब, अभिनेत्री ने अपने इंस्टाग्राम पर साझा किया कि फिल्म के 9 ऐसे सीन रिलीज किए जा रहे हैं, जो पहले कभी नहीं दिखाए गए।


उन्होंने फिल्म का पोस्टर साझा करते हुए लिखा, "दस साल पहले मैंने पहली बार किसी फिल्म के सेट पर कदम रखा था। यह मेरे लिए एक सपना था, एक नई शुरुआत थी और ऐसी जिंदगी की शुरुआत थी, जिसकी मैंने कभी कल्पना भी नहीं की थी। इसके लिए मैं हमेशा आभारी रहूंगी।"


मृणाल ने बताया कि शुक्रवार सुबह 10 बजे इन अनदेखे सीन का यूट्यूब प्रीमियर होगा।


फिल्म 'लव सोनिया', जिसका निर्देशन तबरेज नूरानी ने किया था, 2018 में रिलीज हुई थी। इसमें मृणाल के साथ मनोज बाजपेयी, ऋचा चड्ढा, फ्रीडा पिंटो, राजकुमार राव, आदिल हुसैन, अनुपम खेर और डेमी मूर जैसे कलाकार भी शामिल थे। यह फिल्म मानव तस्करी जैसे गंभीर मुद्दे पर आधारित थी।


फिल्म की कहानी दो बहनों के इर्द-गिर्द घूमती है, जिसमें एक पिता कर्ज में डूबने के कारण अपनी एक बेटी को बेच देता है, जबकि दूसरी (सोनिया) उसे बचाने की कोशिश में खुद मुंबई के रेड-लाइट एरिया और मानव तस्करी के खतरनाक जाल में फंस जाती है।


जल्द ही, मृणाल 'डकैत: एक प्रेम कथा' में भी नजर आएंगी। शेनिल देव द्वारा निर्देशित यह फिल्म एक प्रेमी युगल की कहानी है, जिसमें युवक प्रेमिका से मिले धोखे के बाद बदले की राह चुनता है। यह फिल्म 10 अप्रैल को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।