क्या आप जानते हैं 'लगान' के गाने 'घनन घनन' की शूटिंग के पीछे की दिलचस्प कहानी?
राजू खान ने साझा की 'घनन घनन' की शूटिंग की चुनौतियाँ
मुंबई, 19 जून। हिंदी सिनेमा की क्लासिक फिल्मों में से एक 'लगान' का मशहूर गाना 'घनन घनन' आज भी दर्शकों के दिलों में बसा हुआ है। दिवंगत कोरियोग्राफर सरोज खान के बेटे राजू खान, जिन्होंने इस गाने की कोरियोग्राफी की थी, ने हाल ही में इसके शूटिंग अनुभव को साझा किया। उन्होंने बताया कि सीमित समय, मौसम की समस्याएं और बड़े सेट के कारण यह गाना उनके लिए सबसे चुनौतीपूर्ण शूटिंग अनुभव था।
राजू ने कहा, 'जब मुझे इस गाने पर काम करने का मौका मिला, तब तैयारी के लिए बहुत कम समय था। फिल्म की शूटिंग के प्रारंभिक दिनों में, सेट देखने के अगले ही दिन गाने की शूटिंग शुरू होनी थी। पहले दिन आमिर खान की मां यशोदा का वह शॉट लिया गया, जिसमें वह कुएं से पानी निकालने की कोशिश कर रही थीं।'
उन्होंने आगे कहा, 'उसी दिन मुझे सेट का निरीक्षण करने भेजा गया। वहां मैंने कलाकारों से मुलाकात की और पहली बार 'घनन घनन' गीत सुना। मुझे बताया गया कि इसमें सभी कलाकार शामिल होंगे, इसलिए रातों-रात पूरी योजना बनानी पड़ी और अगले दिन काम शुरू कर दिया गया।'
राजू ने बताया कि गाने के दूसरे हिस्से में असली चुनौतियाँ सामने आईं। गाने में दिखाया गया है कि लंबे सूखे के बाद आसमान में बादल छा जाते हैं, जिससे गांव वालों में बारिश की उम्मीद जागती है। लेकिन असल में शूटिंग के समय मौसम बिल्कुल विपरीत था। आसमान में बादल नहीं थे, बल्कि तेज धूप थी। ऐसे में बड़े सेट पर बादलों का माहौल बनाना लगभग असंभव था।
उन्होंने कहा, 'इस समस्या का समाधान करने के लिए हमें बहुत सोच-समझकर शॉट्स तैयार करने पड़े। कई शॉट्स को सीमित क्षेत्रों में फिल्माया गया ताकि सेट का पूरा हिस्सा एक साथ न दिखे। कैमरे के एंगल भी इस तरह चुने गए कि जमीन पर पड़ने वाली परछाइयां नजर न आएं। गाने के दूसरे हिस्से की अधिकांश शूटिंग सूर्यास्त के समय की गई।'
राजू ने बताया, 'जब सूरज लगभग डूब जाता था और केवल 40 से 45 मिनट की प्राकृतिक रोशनी बचती थी, तब टीम तेजी से शूटिंग करती थी। उस समय परछाइयां काफी कम हो जाती थीं, जिससे बादलों वाला माहौल दिखाना आसान हो जाता था। हालांकि, इतने कम समय में बड़े पैमाने पर शूटिंग करना बेहद कठिन था। यह मेरे लिए तकनीकी और रचनात्मक दोनों स्तरों पर एक बड़ी परीक्षा थी।'
यह ध्यान देने योग्य है कि 'लगान' का निर्देशन आशुतोष गोवारिकर ने किया था, जिसमें आमिर खान, ग्रेसी सिंह, रेचल शेली और पॉल ब्लैकथॉर्न ने मुख्य भूमिकाएं निभाई थीं।