×

क्या आप जानते हैं मीना कुमारी की फिल्म 'पाकीजा' में असली डांस कौन कर रहा था?

मीना कुमारी, जिन्हें बॉलीवुड की ट्रेजडी क्वीन कहा जाता है, की फिल्म 'पाकीजा' में उनके असली डांस स्टेप्स को लेकर एक दिलचस्प कहानी है। इस फिल्म में कई महत्वपूर्ण दृश्य और डांस स्टेप्स पद्मा खन्ना ने किए थे, क्योंकि मीना कुमारी की तबीयत ठीक नहीं थी। जानें कैसे इस फिल्म ने न केवल सिनेमा में एक नया मुकाम हासिल किया, बल्कि मीना कुमारी की अदाकारी को भी अमर बना दिया।
 

मीना कुमारी: बॉलीवुड की ट्रेजडी क्वीन


मुंबई, 30 मार्च। 'जो साज़ से निकली है, वो धुन सबने सुनी है, जो साज़ पे गुजरी है, वो किस दिल को पता है...' यह पंक्तियाँ मीना कुमारी की जिंदगी को बखूबी बयां करती हैं, जिन्हें बॉलीवुड की ट्रेजडी क्वीन के नाम से जाना जाता है। उनका निधन 31 मार्च 1972 को हुआ। जब भी सिनेमा में अधूरी मोहब्बत और अदाकारी की बात होती है, तो मीना कुमारी की फिल्म 'पाकीजा' का नाम सबसे पहले आता है। यह केवल एक फिल्म नहीं थी, बल्कि कमाल अमरोही का सपना और मीना कुमारी की दर्द भरी कहानी थी।


इस फिल्म को बनाने में एक दशक से अधिक का समय लगा और यह एक आइकॉनिक फिल्म बन गई। मीना कुमारी की अदाकारी, उनकी आंखों की चमक और क्लासिकल डांस ने उनके किरदार को जीवंत बना दिया। फिल्म के डायलॉग आज भी लोगों के दिलों में बसे हुए हैं। लेकिन क्या आप जानते हैं कि फिल्म के कुछ महत्वपूर्ण डांस स्टेप्स और दृश्य मीना कुमारी ने खुद नहीं किए थे?


आपके पांव देखे, बहुत हसीन हैं, इन्हें ज़मीं पे मत उतारिएगा, मैले हो जाएंगे, यह प्रसिद्ध डायलॉग मोहब्बत की दास्तान को बयां करता है, जिसमें मीना कुमारी के खूबसूरत पैरों को दिखाया गया, लेकिन असल में ये पैर मीना कुमारी के नहीं थे। ये पैर थे पद्मा खन्ना के। केवल पैर ही नहीं, बल्कि उन्होंने 'पाकीजा' के कई आइकॉनिक गानों जैसे 'ठाड़े रहियो,' 'तीर-ए-नजर,' और 'चलो दिलदार चलो' में भी डांस किया था।


दरअसल, 'पाकीजा' की शूटिंग के दौरान मीना कुमारी की बीमारी लिवर सिरोसिस गंभीर हो चुकी थी। अभिनेत्री का पेट फूलने लगा था, जिससे सामान्य सीन फिल्माना भी मुश्किल हो गया था। ऐसे में कमाल अमरोही को एक ऐसी कलाकार की तलाश थी, जो मीना कुमारी जैसी दिखती और उनके क्लासिकल डांस की शैली को भी अपनाती। इसीलिए फिल्म की शूटिंग के लिए पद्मा खन्ना को लाया गया।


"ठाड़े रहियो" में लॉन्ग शॉट और तेज डांस के सीक्वेंस को पद्मा खन्ना ने फिल्माया। गाने में मीना कुमारी के क्लोजअप शॉट्स और एक्सप्रेशंस का इस्तेमाल किया गया। इसी फिल्म के दूसरे गाने 'तीर-ए-नजर' में मीना कुमारी ने मुंह पर दुपट्टा रखकर शानदार क्लासिकल डांस किया, लेकिन असल में वो पद्मा खन्ना थीं। गाने को जीवंत बनाने के लिए बेहतरीन क्लासिकल डांस की आवश्यकता थी, लेकिन मीना कुमारी की तबीयत खराब थी। वे 'चलते-चलते' गाने के दौरान बेहोश हो गई थीं, जिसके बाद बाकी का गाना पद्मा खन्ना की मदद से पूरा किया गया।


यह भी माना जाता है कि 'पाकीजा' के समय मीना कुमारी मानसिक और शारीरिक दोनों रूप से बीमार थीं। कमाल अमरोही के साथ चल रही अनबन के कारण वे सेट पर कम ही आती थीं। फिल्म के कई हिस्से बॉडी डबल की मदद से फिल्माए गए थे। इतना ही नहीं, अभिनेत्री का पेट बीमारी के कारण फूल गया था, जिसे छिपाने के लिए फिल्म के अंत में उन्हें धोती और कुर्ता पहनाया गया। रिलीज के बाद मीना कुमारी का यह आउटफिट भी फैशन ट्रेंड बन गया।