क्या आप जानते हैं 'तड़प तड़प के' गाने का असली राज? इस्माइल दरबार ने खोला बड़ा राज़!
इस्माइल दरबार का खुलासा
मुंबई, 11 जून। हिंदी फिल्म इंडस्ट्री के सबसे भावुक गानों में से एक 'तड़प तड़प के' के बारे में म्यूजिक कंपोजर इस्माइल दरबार ने एक दिलचस्प तथ्य साझा किया है। उन्होंने बताया कि यह गाना संजय लीला भंसाली की फिल्म 'हम दिल दे चुके सनम' के लिए नहीं लिखा गया था।
इस्माइल दरबार ने कहा कि यह लोकप्रिय गीत पहले किसी अन्य बड़े प्रोजेक्ट के लिए एक अस्थायी ट्रैक के रूप में रिकॉर्ड किया जा रहा था, लेकिन बाद में यह भंसाली की सफल फिल्म का हिस्सा बन गया।
संगीतकार ने अपने संघर्षों के बारे में भी बात की और बताया कि यह गाना कैसे भंसाली तक पहुंचा। उन्होंने कहा, “यह उस समय की बात है, जब मुझे ‘हम दिल दे चुके सनम’ नहीं मिली थी। मैं किसी और फिल्म के लिए इसका स्क्रैच वर्जन रिकॉर्ड कर रहा था।”
उन्होंने आगे कहा, “'तड़प तड़प' तो बननी ही थी। कुछ समय बाद संजय भंसाली ने मुझे बुलाया। लगभग 6 महीने तक काम चलता रहा। जब मैंने उन्हें यह गाना सुनाया, तो उन्होंने कहा, ‘आज इस्माइल, मुझे पता चल गया कि मेरी फिल्म का इंटरवल कहां होगा और कहां एंड होगा। आज मैंने अपनी फिल्म पूरी कर ली।’”
इंडियन आइडल के आगामी एपिसोड के प्रोमो में प्रतियोगी मनराज वीर की प्रस्तुति के दौरान इस्माइल दरबार गाने की यादों में खोते नजर आएंगे। उन्होंने उस यात्रा को साझा किया, जिसने इस हिट गाने को जन्म दिया, साथ ही दिवंगत गायक केके से अपनी पहली मुलाकात को भी याद किया।
उन्होंने बताया, “जब मैं पहली बार यह गाना बना रहा था, तब मेरी पहली मुलाकात केके से हुई थी। मैंने उन्हें यह गाना सुनाया था। बांद्रा में ‘पर्पल हेज स्टूडियो’ में मैंने इसका स्क्रैच रिकॉर्ड किया था। और जब मैंने केके को गाना सुनाया, तो उन्होंने सबसे पहला शब्द क्या कहा होगा?”
जज विशाल डडलानी ने तुरंत जवाब दिया, “उसने कहा होगा, ‘मैं यह कैसे गाऊंगा? यह तो मेरा स्टाइल ही नहीं है।’”
इस्माइल दरबार ने कहा, “क्या बात है। मैं मान गया बॉस।”
उन्होंने बताया कि केके ने असल में क्या प्रतिक्रिया दी थी। इस्माइल ने कहा, “उसने पहला शब्द यही कहा था, ‘इस्माइल भाई, सबसे पहले तो यह मेरी स्टाइल का गाना नहीं है, इसलिए मैं इसे नहीं गा सकता।’”
इस्माइल दरबार ने कहा कि उन्हें पूरा विश्वास था कि केके की आवाज इस गाने के लिए बिल्कुल सही है, इसलिए उन्होंने उन्हें समझाने की कोशिश की। उन्होंने कहा, “मैंने कहा, ‘यार केके, तुम्हारा काम सिर्फ गाना गाना है। मुझे तुम्हारी वोकल रेंज पता है। तुम्हारे लो नोट्स बहुत अच्छे हैं, मिडल रेंज भी शानदार है और हाई नोट्स भी तुम आसानी से लगा लेते हो। मुझे बस यही चाहिए। तुम्हें कैसे गवाना है, वह मेरा काम है, तुम्हारा नहीं। मैं तुमसे गवा लूंगा।’”
संगीतकार के अनुसार, केके ने थोड़ी हिचकिचाहट के बाद इस बात को स्वीकार कर लिया। इस्माइल ने बताया, “फिर वह हंसकर बोला, ‘देखो, बाद में मुझ पर गुस्सा मत करना। मैं पहले ही बता रहा हूं, मैं यह गाना नहीं गा सकता।’”
रिकॉर्डिंग से जुड़ी एक भावनात्मक याद साझा करते हुए उन्होंने कहा कि गाने का असर तुरंत महसूस हुआ। उन्होंने बताया, “जब मैंने उन्हें गाना सिखाया और उन्होंने रिकॉर्ड किया, तो यकीन मानिए, सबसे पहले केके की पत्नी इस गाने को सुनकर रो पड़ी थीं।”