☰
×

कौन हैं लक्ष्मीकांत? जानें इस महान संगीतकार की संघर्ष भरी कहानी!

लक्ष्मीकांत, एक प्रसिद्ध संगीतकार, जिन्होंने हिंदी सिनेमा में 750 से अधिक फिल्मों के लिए संगीत दिया, की कहानी संघर्ष और सफलता से भरी हुई है। उनका सफर ऊंची कुर्सी पर बैठकर मंडोलिन बजाने से शुरू हुआ और प्यारेलाल के साथ मिलकर उन्होंने कई यादगार गाने बनाए। जानें उनके जीवन के अनकहे पहलुओं के बारे में और कैसे उन्होंने संगीत की दुनिया में अपनी पहचान बनाई।
 

लक्ष्मीकांत का संगीत सफर




मुंबई, 2 नवंबर। हिंदी फिल्म इंडस्ट्री में कई संगीतकार ऐसे रहे हैं, जिन्होंने अपनी धुनों से दर्शकों का दिल जीत लिया। उनके गाने आज भी लोगों की जुबान पर हैं। लेकिन इन सुरों के पीछे कई संघर्ष की कहानियां छिपी होती हैं, जिनके बारे में बहुत कम लोग जानते हैं। संगीतकार लक्ष्मीकांत की कहानी भी कुछ ऐसी ही है। एक समय था जब उन्हें अपनी छोटी कद के कारण ऊंची कुर्सी पर बैठकर मंडोलिन बजाना पड़ता था, ताकि उनकी धुन सही से रिकॉर्ड हो सके। आगे चलकर, उन्होंने प्यारेलाल के साथ मिलकर हिंदी सिनेमा को कई यादगार गाने दिए।


लक्ष्मीकांत शांताराम कुडालकर का जन्म 3 नवंबर 1937 को मुंबई में हुआ। उनका बचपन आर्थिक कठिनाइयों में बीता। जब वह छोटे थे, उनके पिता का निधन हो गया। परिवार की स्थिति ठीक नहीं थी, जिससे उनकी पढ़ाई भी अधूरी रह गई। उनके पिता के एक मित्र, जो संगीतकार थे, ने लक्ष्मीकांत और उनके बड़े भाई को संगीत सीखने की सलाह दी। इसके बाद लक्ष्मीकांत ने मंडोलिन बजाना शुरू किया। उन्होंने लगभग दो साल तक प्रसिद्ध मंडोलिन वादक हुसैन अली से शिक्षा ली और बाद में बाल मुकुंद इंदोरकर से भी सीखा।


लक्ष्मीकांत का फिल्मों से जुड़ाव बचपन में ही शुरू हो गया था। उन्होंने बाल कलाकार के रूप में फिल्म 'भक्त पुंडलिक' और 'आंखें' में काम किया। कुछ गुजराती फिल्मों में भी उन्होंने अभिनय किया, लेकिन उनका असली प्यार संगीत था। वह विभिन्न कार्यक्रमों में मंडोलिन बजाते थे और इससे होने वाली कमाई से अपने परिवार की मदद करते थे। धीरे-धीरे उन्हें फिल्मी ऑर्केस्ट्रा में काम मिलने लगा।


उस समय फिल्म के गाने रिकॉर्ड करने के लिए बड़े ऑर्केस्ट्रा का सहारा लिया जाता था। लक्ष्मीकांत अपनी छोटी उम्र और कद के बावजूद बड़े कलाकारों के बीच बैठकर मंडोलिन बजाते थे। उनकी लंबाई कम होने के कारण रिकॉर्डिंग के दौरान उन्हें ऊंची कुर्सी पर बैठाया जाता था, ताकि वह अन्य कलाकारों के साथ सही तरीके से काम कर सकें। उनकी मेहनत और संगीत की समझ ने उन्हें पहचान दिलाई। उन्होंने सी. रामचंद्र, ओ.पी. नैयर, शंकर-जयकिशन और हेमंत कुमार जैसे संगीतकारों के साथ काम किया।


इस दौरान उनकी मुलाकात प्यारेलाल शर्मा से हुई, जो भी संगीत सीख रहे थे और वायलिन बजाने में माहिर थे। दोनों की दोस्ती हुई और यह जोड़ी संगीत की दुनिया में एक मजबूत नाम बन गई। उन्होंने कुछ समय तक बड़े संगीतकारों के सहायक के रूप में काम किया और गाने तैयार करने, ऑर्केस्ट्रा संभालने और रिकॉर्डिंग की बारीकियां सीखी।


लक्ष्मीकांत और प्यारेलाल ने स्वतंत्र संगीतकार के रूप में 1963 में फिल्म 'पारसमणि' से शुरुआत की। इस फिल्म के गाने को दर्शकों ने पसंद किया और दोनों को पहली बार पहचान मिली। इसके बाद 1964 में आई फिल्म 'दोस्ती' ने उनकी सफलता को और बढ़ाया। इस फिल्म के संगीत के लिए उन्हें पहला फिल्मफेयर पुरस्कार मिला। इसके बाद उन्होंने कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा।


इस जोड़ी ने 'मिलन', 'दो रास्ते', 'इंतकाम', 'बॉबी', 'अमर अकबर एंथनी', 'सरगम', 'कर्ज', 'एक दूजे के लिए', 'हीरो', 'तेजाब' और 'मिस्टर इंडिया' जैसी कई फिल्मों में संगीत दिया। 'एक प्यार का नगमा है', 'डफली वाले डफली बजा', 'मेरे दिल में आज क्या है', 'ओम शांति ओम' और 'एक दो तीन' जैसे गाने आज भी लोगों के दिलों में बसे हुए हैं।


लक्ष्मीकांत और प्यारेलाल की जोड़ी ने लगभग 35 वर्षों तक हिंदी सिनेमा में काम किया और सैकड़ों फिल्मों के लिए संगीत तैयार किया। उनके संगीत को कई बार फिल्मफेयर पुरस्कारों से सम्मानित किया गया। इस जोड़ी ने कुल सात बार सर्वश्रेष्ठ संगीतकार का फिल्मफेयर पुरस्कार जीता। लक्ष्मीकांत का निधन 25 मई 1998 को मुंबई में हुआ, जब वह 60 वर्ष के थे।