कौन हैं 'क्लेफेस' के डायरेक्टर जेम्स वॉटकिंस? नाओमी एकी ने की तारीफ
नाओमी एकी की जेम्स वॉटकिंस के प्रति प्रशंसा
मुंबई, 16 अक्टूबर। एक्ट्रेस नाओमी एकी ने फिल्म 'क्लेफेस' के निर्देशक जेम्स वॉटकिंस की सराहना की है। उन्होंने बताया कि जेम्स का काम करने का तरीका बहुत सहयोगात्मक है। वह कलाकारों और क्रू के विचारों को सुनते हैं, जिससे सेट पर सभी को खुलकर काम करने का अवसर मिलता है।
नाओमी ने कहा, ''किसी फिल्म के लिए सही टोन का निर्धारण करना अत्यंत महत्वपूर्ण है। कलाकारों और क्रू के बीच बेहतर तालमेल के साथ-साथ सीन के मूड को समझना भी आवश्यक है। जेम्स इस मामले में बहुत कुशल हैं। उन्हें यह समझने की अच्छी क्षमता है कि किस सीन में हल्कापन होना चाहिए, कहां डर और अंधेरा होना चाहिए, और किस जगह कहानी को गंभीर बनाए रखने की आवश्यकता है।''
उन्होंने आगे कहा, ''हर सीन में इतनी जानकारी होनी चाहिए कि दर्शक किरदारों को बेहतर तरीके से समझ सकें और उनकी कहानी से जुड़ाव महसूस करें। जैसे-जैसे शूटिंग आगे बढ़ती है, कलाकारों के बीच तालमेल और भी बेहतर होता जाता है, जिससे फिल्म के टोन को समझना आसान हो जाता है।''
नाओमी ने कहा, ''एक समय ऐसा आता है जब इन चीजों के बारे में ज्यादा सोचने की आवश्यकता नहीं होती, क्योंकि कलाकार स्वाभाविक रूप से कहानी और किरदारों के साथ जुड़ने लगते हैं।''
उन्होंने जेम्स की निर्देशन क्षमता के साथ-साथ उनकी नेतृत्व कौशल की भी प्रशंसा की।
नाओमी ने कहा, ''जेम्स हमेशा कलाकारों के सुझावों के लिए तैयार रहते हैं और सेट पर हंसी-मजाक का माहौल बनाए रखना जानते हैं। फिल्म बनाते समय कई बार यह याद दिलाना जरूरी होता है कि वे केवल एक फिल्म बना रहे हैं। ऐसे में डायरेक्टर का सहज और शांत स्वभाव कलाकारों के लिए बहुत सहायक होता है।''
उन्होंने कहा, ''इस काम में लोगों के साथ सहज महसूस करना बहुत आवश्यक है, खासकर उस व्यक्ति के साथ जिसके निर्देशों पर कलाकार काम करते हैं। डायरेक्टर के साथ अच्छा तालमेल होने से कलाकार अधिक आत्मविश्वास के साथ अपना काम कर पाते हैं।''
फिल्म 'क्लेफेस', जो वार्नर ब्रदर्स पिक्चर्स के बैनर तले रिलीज हो रही है, 23 अक्टूबर को भारतीय सिनेमाघरों में प्रदर्शित होगी। यह फिल्म अंग्रेजी और हिंदी दोनों भाषाओं में उपलब्ध होगी।