☰
×

कृति खरबंदा ने नवरात्रि के दूसरे दिन मां ब्रह्मचारिणी को किया नमन, जानें क्यों है खास ये दिन!

कृति खरबंदा ने नवरात्रि के दूसरे दिन मां ब्रह्मचारिणी की पूजा की और धैर्य तथा आंतरिक शक्ति के लिए आशीर्वाद मांगा। उन्होंने अपने इंस्टाग्राम पर इस अवसर की तस्वीरें साझा कीं। जानें इस दिन का महत्व और उनकी आगामी फिल्म 'रिस्की रोमियो' के बारे में, जिसमें वह सनी सिंह के साथ नजर आएंगी।
 

कृति खरबंदा का नवरात्रि उत्सव




मुंबई, 12 अक्टूबर। अभिनेत्री कृति खरबंदा ने शारदीय नवरात्रि के दूसरे दिन मां ब्रह्मचारिणी की पूजा की। सोमवार को, उन्होंने माता रानी से धैर्य और आंतरिक शक्ति के लिए आशीर्वाद मांगा।


कृति ने अपने इंस्टाग्राम पर कुछ तस्वीरें साझा कीं, जिसमें उन्होंने लिखा, "नवरात्रि का दूसरा दिन। आज मैं मां ब्रह्मचारिणी के शांत स्वरूप को नमन करती हूं, जो हमें धैर्य और आंतरिक ताकत प्रदान करती हैं।"


नवरात्रि का यह दिन मां दुर्गा के दूसरे स्वरूप, मां ब्रह्मचारिणी की उपासना के लिए समर्पित है। मां के एक हाथ में जपमाला और दूसरे हाथ में कमंडल होता है। वे सफेद वस्त्र पहनती हैं, जो पवित्रता और शांति का प्रतीक है। 'ब्रह्म' का अर्थ तपस्या और 'चारिणी' का अर्थ आचरण करने वाली है, अर्थात तप का पालन करने वाली। मां ब्रह्मचारिणी को तप, त्याग, वैराग्य, संयम और दृढ़ संकल्प की देवी माना जाता है। इनकी आराधना से साधक को आत्मबल और धैर्य प्राप्त होता है।


इस दिन सफेद या पीले रंग के वस्त्र पहनना शुभ माना जाता है। माता को सफेद और लाल फूल जैसे चमेली, कमल या गुड़हल अर्पित किए जाते हैं। मां ब्रह्मचारिणी को शक्कर, मिश्री, पंचामृत या दूध से बनी सफेद मिठाइयों का भोग लगाया जाता है।


कृति खरबंदा की बात करें तो वह बॉलीवुड और तेलुगु सिनेमा में अपनी सक्रियता के लिए जानी जाती हैं। वह जल्द ही 'रिस्की रोमियो' में सनी सिंह के साथ नजर आएंगी। इस फिल्म में मोनिका चौधरी भी शामिल हैं। इसका निर्देशन और लेखन अबीर सेनगुप्ता कर रहे हैं, जिन्होंने पहले कियारा आडवाणी की फिल्म 'इन्दू की जवानी' का निर्देशन किया था। इसे एक नियो-नोयर कॉमिक त्रासदी के रूप में पेश किया जा रहा है।


इस फिल्म का निर्माण 'जादूगर फिल्म्स' (अनुश्री मेहता और अबीर सेनगुप्ता) और 'पीआर मोशन पिक्चर्स' के बैनर तले किया जा रहा है। फिल्म की शूटिंग कोलकाता में पूरी की जा चुकी है और अब इसके पोस्ट-प्रोडक्शन और रिलीज की तैयारियां चल रही हैं।