×

कश्मीरी फिल्म 'बट्ट कोच': अशोक पंडित ने की दिल छू लेने वाली तारीफ

कश्मीरी पंडित और फिल्म निर्माता अशोक पंडित ने हाल ही में कश्मीरी भाषा में बनी फिल्म 'बट्ट कोच' की सराहना की है। उन्होंने इसे भावनात्मक और दिल को छू लेने वाला बताया। फिल्म की कहानी कश्मीरी पंडितों की त्रासदी और उनकी जड़ों से जुड़ाव को दर्शाती है। पंडित ने फिल्म के निर्देशकों और प्रोड्यूसर की भी प्रशंसा की, यह कहते हुए कि यह फिल्म मानवता पर आधारित है और कश्मीरी पंडितों के लिए एक मील का पत्थर साबित होगी।
 

फिल्म 'बट्ट कोच' की सराहना


मुंबई, 16 मार्च। कश्मीरी पंडित और फिल्म निर्माता अशोक पंडित ने कश्मीरी भाषा में बनी फिल्म 'बट्ट कोच' की प्रशंसा की है। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा करते हुए इसे भावनात्मक, प्रभावशाली और दिल को छू लेने वाला बताया।


अशोक पंडित ने इंस्टाग्राम पर वीडियो के साथ कैप्शन में लिखा, "यह फिल्म दर्शकों को पूरी तरह से बांधकर रखती है, सोचने पर मजबूर करती है और एक गहरा संदेश देती है।" वीडियो में उन्होंने कहा, "हम सभी जानते हैं कि 1990 में कश्मीरी पंडितों का निष्कासन हुआ, उनका नरसंहार हुआ, और पूरी समुदाय बेघर हो गई।"


उन्होंने बताया कि फिल्म का नाम 'बट्ट कोच' है, जिसमें 'कोच' कश्मीरी पंडितों की गली को दर्शाता है। फिल्म में यह दिखाया गया है कि इतनी बड़ी त्रासदी के बावजूद अगली पीढ़ी ने अपने माता-पिता की कहानियों के माध्यम से अपनी जड़ों से जुड़ाव बनाए रखा।


अशोक पंडित ने फिल्म के निर्देशकों सिद्धार्थ कौल और अंकित वली की विशेष सराहना की। उन्होंने कहा, "इन दोनों ने सोचा कि हम अपनी पीड़ा को फिल्म के माध्यम से दुनिया के सामने लाएंगे। आज के समय में फिल्म बनाना और उसे रिलीज करना एक बड़ी उपलब्धि है। सबसे महत्वपूर्ण यह है कि उन्होंने कला का सहारा लिया और अपनी कहानी को लोगों तक पहुंचाने की कोशिश की।"


उन्होंने प्रोड्यूसर विनायक के साहस और जुनून की भी प्रशंसा की। उन्होंने कहा, "सपने बिना पैसे और फंड के पूरे नहीं होते। विनायक ने विश्वास जताया और फिल्म बनाई।"


अशोक पंडित ने एम.के. रैना, कुसुम धर, अनिल कौल चिंगारी, कुसुम तिक्कू, साक्षी भट्ट, श्रीमे भट्ट, दिलीप पंडिता और अन्य कलाकारों के अभिनय की भी सराहना की। उन्होंने फिल्म के संगीत की तारीफ करते हुए कहा कि सौरभ झाड़ू ने कश्मीरी लोक-संगीत की शैली में संगीत तैयार किया है, जो पंडित परिवार की भावनाओं को बखूबी दर्शाता है। कैमरा वर्क, एडिटिंग (आकांक्षा झाड़ू), कॉस्ट्यूम्स और पोस्ट-प्रोडक्शन सभी शानदार हैं।


अशोक पंडित ने कैप्शन में लिखा, "पूरी टीम को ढेर सारी शुभकामनाएं। उम्मीद है कि इस साल 'क्षेत्रीय फिल्म' श्रेणी के सभी पुरस्कार आप ही जीतेंगे। फिल्म ने घाटी की यादों में ले जाकर भावुक कर दिया। यह फिल्म मानवता पर आधारित है। कम बजट में बनी यह छोटी-सी कश्मीरी फिल्म लोगों के सामने आई और अमिट छाप छोड़ गई।"


अंत में, अशोक पंडित ने कहा, "यह फिल्म कश्मीरी पंडितों के लिए एक मील का पत्थर है। यह हमेशा याद रखी जाएगी।" उन्होंने सिद्धार्थ और अंकित को याद करते हुए कहा कि जब वे स्क्रिप्ट लेकर आए थे, उनकी आंखों में पैशन और ईमानदारी देखकर पता था कि फिल्म एक दिन रिलीज होगी।