इमरान हाशमी की 'आवारापन 2' का पहला गाना 'वे जुनून' हुआ रिलीज, जानें क्या है खास!
फिल्म 'आवारापन 2' का नया गाना 'वे जुनून'
मुंबई, 07 जुलाई (वेब वार्ता)। इमरान हाशमी की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'आवारापन 2' का पहला गाना 'वे जुनून' अब उपलब्ध है। कुछ समय पहले फिल्म का टीजर जारी होने के बाद से दर्शकों में इस गाने को लेकर काफी उत्सुकता थी, और अब इस भावनात्मक ट्रैक ने फिल्म के प्रति उत्साह को और बढ़ा दिया है।
वीडियो में इमरान हाशमी एक बार फिर 'शिवम पंडित' के किरदार में नजर आ रहे हैं, जो अधूरे प्यार और भावनात्मक संघर्ष का सामना कर रहे हैं। दिशा पाटनी उनके जीवन में नई उम्मीद और प्यार की किरण बनकर आती हैं।
'वे जुनून' को गायक सुबोध शर्मा ने गाया है, जबकि इसके बोल सईद कादरी ने लिखे हैं। संगीत और कंपोजिशन मिथुन ने तैयार किया है। इस गाने में रोमांस, दर्द और जुदाई की गहरी भावनाओं को प्रभावशाली तरीके से दर्शाया गया है। वीडियो से यह स्पष्ट होता है कि फिल्म की कहानी 2007 में आई 'आवारापन' के अंत के बाद आगे बढ़ेगी, जिसमें शिवम पंडित के जीवन के नए अध्याय को दिखाया जाएगा।
निर्माताओं को उम्मीद है कि यह गाना दर्शकों को फिल्म की भावनात्मक दुनिया से जोड़ने में सफल रहेगा। 'आवारापन 2' 14 अगस्त 2026 को देशभर के सिनेमाघरों में प्रदर्शित होगी। इमरान हाशमी के प्रशंसकों में पहले से ही इस फिल्म को लेकर जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है।