आयुष्मान खुराना और सारा अली खान का नया गाना 'भूतनी का' हुआ रिलीज, जानें क्या है खास!
भूतनी का गाने की रिलीज
मुंबई, 29 सितंबर (वेब वार्ता)। अभिनेता आयुष्मान खुराना और अभिनेत्री सारा अली खान की आगामी फिल्म ‘उड़ता तीर’ के ट्रेलर ने काफी चर्चा बटोरी है, और अब फिल्म का नया गाना ‘भूतनी का’ भी रिलीज कर दिया गया है।
इस गाने का संगीत तैयार किया है म्यूजिक कंपोजर जोड़ी सचिन-जिगर ने, जबकि इसके बोल अमिताभ भट्टाचार्य ने लिखे हैं। गाने को काका, ट्विंकल अग्रवाल और अमिताभ भट्टाचार्य ने गाया है।
सचिन-जिगर ने अपने नए गाने के बारे में कहा कि ‘भूतनी का’ को कंपोज करना उनके लिए एक मजेदार अनुभव रहा। उन्होंने बताया कि अमिताभ भट्टाचार्य ने गाने के बोल इस तरह से लिखे हैं कि सुनने वाले की उत्सुकता बनी रहती है कि आगे क्या होगा।
उन्होंने यह भी कहा कि चुनौती यह थी कि संगीत को इस उलझन के साथ जोड़ना था और गाना सुनने में मजेदार भी लगे। गाने की रफ्तार, ध्वनि और अरेंजमेंट में कई प्रयोग किए गए हैं, जिससे यह हर पल नया मोड़ लेता है।
गायक काका ने कहा कि गाने के बोल सुनकर उन्हें कहानी जानने की उत्सुकता हुई। उन्होंने कहा कि यह गाना इतना एनर्जेटिक और मजेदार है कि फिल्म में क्या हो रहा है, यह जानने की इच्छा बढ़ गई है।
ट्विंकल अग्रवाल ने भी गाने को रिकॉर्ड करने का अनुभव साझा किया और कहा कि इसमें बहुत कुछ हो रहा है। उन्होंने बताया कि गाते समय एनर्जी बनाए रखना और हर शब्द को सही ढंग से सुनाई देना जरूरी था।
फिल्म ‘उड़ता तीर’ 9 अक्टूबर, 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।