☰
×

अमित साध का नया सफर: 'कल के करोड़पति' में स्टार्टअप की दुनिया से जुड़ाव

अमित साध ने अपने करियर में कई उतार-चढ़ाव देखे हैं और अब वह 'कल के करोड़पति - शुभ लाभ' शो में होस्ट और मेंटर की भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने बताया कि फिल्म इंडस्ट्री और स्टार्टअप की दुनिया में मेहनत और जोखिम का स्तर समान है। शो में उन्हें स्टार्टअप फाउंडर्स और उद्यमियों की कहानियों को सुनने का मौका मिला, जो उनके अपने सफर की याद दिलाती हैं। अमित का मानना है कि यह शो दर्शकों को प्रेरित करेगा और उनके सपनों को पूरा करने के संघर्ष को उजागर करेगा।
 

अमित साध का अनुभव और शो में भूमिका




मुंबई, 15 नवंबर। अभिनेता अमित साध ने अपने करियर में कई उतार-चढ़ाव देखे हैं। कभी किसी फिल्म ने उन्हें नई पहचान दी, तो कभी किसी प्रोजेक्ट से अपेक्षित परिणाम नहीं मिले। अब वह बिजनेस रियलिटी शो 'कल के करोड़पति - शुभ लाभ' में शामिल हो गए हैं।


उनका मानना है कि फिल्म इंडस्ट्री और स्टार्टअप की दुनिया में मेहनत, जोखिम और अनिश्चितता का स्तर काफी समान है। लोग वर्षों तक अपने सपनों पर काम करते हैं और एक ऐसे मौके की तलाश में रहते हैं, जो उनकी जिंदगी को बदल सके।


अमित साध इस शो में होस्ट और मेंटर के रूप में नजर आएंगे। शो से जुड़ने के अपने अनुभव के बारे में बात करते हुए उन्होंने बताया कि उन्हें स्टार्टअप फाउंडर्स, निवेशकों और उद्यमियों से मिलने का अवसर मिला, जिससे उन्होंने उनकी जिंदगी को करीब से समझा। इनकी कहानियों ने उन्हें अपने फिल्मी सफर की याद दिलाई।


अमित ने कहा, ''इस शो के लिए मुझसे प्रणव ने संपर्क किया था। वह चाहते थे कि मैं केवल एक होस्ट न रहूं, बल्कि अपने व्यक्तिगत सिद्धांतों और जीवन में अपनाए गए मूल्यों को भी इसमें शामिल करूं। मुझे यह विचार पसंद आया और मैंने इस प्रोजेक्ट से जुड़ने का निर्णय लिया।''


शो के अनुभव को लेकर अमित ने कहा, ''मेरा अनुभव बहुत अच्छा रहा। स्टार्टअप फाउंडर्स, निवेशकों और उद्यमियों के साथ बातचीत के दौरान मुझे उनकी जिंदगी की कहानियों, संघर्ष और चुनौतियों को करीब से महसूस करने का मौका मिला। मैंने फिल्म इंडस्ट्री और स्टार्टअप की दुनिया को एक ही नजर से देखा, क्योंकि दोनों जगह बहुत कुछ हिट और मिस पर निर्भर करता है। एक फिल्म आपको ऊंचाई पर ले जा सकती है, तो दूसरी आपको गिरा भी सकती है।''


अभिनेता ने आगे कहा, ''स्टार्टअप फाउंडर्स को अपने आइडिया निवेशकों के सामने पेश करते देखकर मुझे उनके पीछे की मेहनत का अंदाजा हुआ। किसी बिजनेस आइडिया को एक प्रेजेंटेशन में समझाना आसान नहीं होता। इसके पीछे कई सालों की तैयारी, मेहनत और उम्मीदें होती हैं। जब मैंने इन लोगों को अपने काम के बारे में बताते देखा, तो मुझे लगा कि यह भी उनकी अपनी जिंदगी की कहानी है। जिस तरह एक अभिनेता किसी फिल्म के लिए लंबे समय तक मेहनत करता है, उसी तरह एक उद्यमी भी अपने आइडिया को हकीकत में बदलने के लिए लगातार प्रयास करता है।''


अमित ने कहा, ''मुझे उम्मीद है कि 'कल के करोड़पति – शुभ लाभ' देशभर के दर्शकों से जुड़ पाएंगे। इस शो में केवल बिजनेस और निवेश की बातें नहीं हैं, बल्कि इसमें लोगों के सपने, भावनाएं और सफलता पाने के लिए किए गए संघर्ष भी देखने को मिलेंगे। मुझे लगता है कि भारतीय दर्शक ऐसी कहानियों से आसानी से जुड़ते हैं, जिनमें किसी इंसान की मेहनत और उसके सपनों को पूरा करने का सफर दिखाया जाता है।''


शो में अपनी भूमिका को लेकर अमित ने कहा, ''मैं अपने असली व्यक्तित्व के साथ ही दर्शकों के सामने आना चाहता हूं। मैं अपने करियर में हमेशा सम्मान और गरिमा को महत्व देता आया हूं और इस शो में भी इन्हीं मूल्यों को बनाए रखना चाहता हूं।''