×

अनुराग कश्यप की 'चार दीवारी' का नॉर्थ अमेरिका में होगा प्रीमियर, जानें क्या है खास!

अनुराग कश्यप और रंजन सिंह द्वारा प्रस्तुत शॉर्ट फिल्म 'चार दीवारी' का नॉर्थ अमेरिका में फैंटासिया इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल में प्रीमियर होने जा रहा है। यह फिल्म एक साधारण घर में छिपे खतरनाक रहस्य की कहानी है, जो दर्शकों को मनोवैज्ञानिक तनाव और डर के बीच ले जाती है। जानें इस फिल्म के बारे में और क्या खास है!
 

फिल्म 'चार दीवारी' का प्रीमियर



मुंबई, 22 जुलाई (वेब वार्ता)। फिल्म निर्माता अनुराग कश्यप और रंजन सिंह द्वारा प्रस्तुत की जा रही निर्देशक सैयद शादान की मनोवैज्ञानिक हॉरर थ्रिलर शॉर्ट फिल्म 'चार दीवारी' का नॉर्थ अमेरिका में प्रीमियर 30 जुलाई को कनाडा के मॉन्ट्रियल में आयोजित होने वाले प्रतिष्ठित फैंटासिया इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल में होगा। इस फिल्म को इस वर्ष फैंटासिया इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल के लिए चुनी गई चुनिंदा भारतीय फिल्मों में शामिल किया गया है। इसे फेस्टिवल के 'फ्रेगमेंट्स डी'एसी' सेक्शन में प्रदर्शित किया जाएगा। फैंटासिया को दुनिया के सबसे बड़े और प्रतिष्ठित जॉनर फिल्म फेस्टिवल्स में से एक माना जाता है।


इस फिल्म की कहानी एक ऐसे किरदार के इर्द-गिर्द घूमती है, जो एक साधारण घर में रहने के लिए जाता है, लेकिन उसे जल्दी ही पता चलता है कि उस घर की दीवारों में एक खतरनाक रहस्य छिपा हुआ है। यह फिल्म मनोवैज्ञानिक तनाव और रहस्य से भरी हुई है, जो डर, अकेलेपन और अनदेखे रहस्यों की खोज करती है। अनुराग कश्यप ने इस फिल्म के बारे में कहा, 'चार दीवारी' दर्शकों में एक अजीब बेचैनी पैदा करती है। यह फिल्म धीरे-धीरे आपको उस डर के बीच ले जाती है, जिससे आप बचना चाहते हैं। मुझे यह फिल्म बहुत पसंद आई।


रंजन सिंह ने बताया कि 'चार दीवारी' एक प्रभावशाली शॉर्ट थ्रिलर है, जिसका रहस्यमय और गंभीर माहौल दर्शकों को बांधे रखता है। उन्होंने कहा कि फैंटासिया जैसे प्रतिष्ठित मंच पर इसका प्रीमियर होना फिल्म के लिए एक बड़ी उपलब्धि है। निर्देशक सैयद शादान ने कहा कि फिल्म की प्रेरणा इस विचार से मिली कि यदि हमारे चारों ओर की दीवारें हमारी यादों और रहस्यों को संजोकर रखती हों तो क्या होगा। उन्होंने कहा कि फैंटासिया फिल्म फेस्टिवल में प्रीमियर होना उनके लिए एक सपने के सच होने जैसा है और अनुराग कश्यप का समर्थन इस यात्रा को और भी खास बनाता है। फैंटासिया इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल हॉरर, थ्रिलर, फैंटेसी और साइंस फिक्शन फिल्मों के लिए एक विश्वस्तरीय मंच है। ऐसे प्रतिष्ठित समारोह में 'चार दीवारी' का चयन भारतीय स्वतंत्र सिनेमा के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है।