अनुपम खेर को न्यूयॉर्क में मिला विशेष सम्मान, जानें क्या कहा उन्होंने!
अनुपम खेर का न्यूयॉर्क में शानदार अनुभव
मुंबई, 6 अक्टूबर। अभिनेता अनुपम खेर इस समय अपने हिंदी नाटक कॉमेडी-ड्रामा शो 'जाने पहचाने अनजाने' के लिए अमेरिका और कनाडा के दौरे पर हैं। हाल ही में उनका शो न्यूयॉर्क में आयोजित हुआ, जहां दर्शकों ने उन्हें खड़े होकर सम्मानित किया। उन्होंने बताया कि 'टाउन ऑफ नॉर्थ हेम्पस्टेड' की ओर से उन्हें 'सर्टिफिकेट ऑफ रिकग्निशन, अचीवमेंट एंड एप्रिसिएशन' से नवाजा गया।
अनुपम खेर ने इंस्टाग्राम पर न्यूयॉर्क शो की कुछ तस्वीरें साझा कीं, जिसमें उन्होंने अपने इस सम्मान के बारे में बताया। उन्होंने अपनी खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि न्यूयॉर्क ने उन्हें यादें दी हैं। अभिनेता ने लिखा, "धन्यवाद न्यूयॉर्क।"
उन्होंने आगे कहा, "'जाने पहचाने अनजाने' की एक यादगार शाम के लिए आपका धन्यवाद। आप इतनी बड़ी संख्या में आए और हमें ढेर सारी तालियां और प्यार दिया। हमारी कर्टेन कॉल की ये झलकियां उस खुशी को दर्शाती हैं, जो हमें मंच पर महसूस हुई। न्यूयॉर्क हमेशा मेरे दिल में एक खास स्थान रखता है। यह शो मेरे लिए बहुत महत्वपूर्ण था और आपकी गर्मजोशी ने इसे और भी खास बना दिया।"
अभिनेता ने कहा कि शो के अंत में दर्शकों से मिले प्यार ने उन्हें भावुक कर दिया। उन्होंने लिखा, "आखिरी बार झुककर सलाम करते समय दर्शकों से जो प्यार मिलता है, वह बहुत भावुक कर देता है।"
अनुपम खेर ने बताया कि 'टाउन ऑफ नॉर्थ हेम्पस्टेड' की तरफ से उन्हें वैश्विक सिनेमा में योगदान के लिए 'सर्टिफिकेट ऑफ रिकग्निशन, अचीवमेंट एंड एप्रिसिएशन' मिला। उन्होंने लिखा, "मुझे इस सर्टिफिकेट को पाकर बहुत सम्मान महसूस हो रहा है। इस पर लिखे शब्द मेरे लिए बहुत मायने रखते हैं।"
सम्मान मिलने पर अनुपम खेर ने सभी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने लिखा, "इस सम्मान के लिए सुपरवाइज़र जेनिफर डेसेना, टाउन क्लर्क रागिनी श्रीवास्तव, काउंसिल सदस्य रॉबर्ट जे. ट्रोयानो जूनियर, एडवर्ड स्कॉट, डेनिस जे. वॉल्श, क्रिस्टीन लियू, यारोन लेवी और मैरियान डालीमोंटे का दिल से धन्यवाद। इस शाम को संभव बनाने वाले आयोजक प्रिया और मेहबूब का भी धन्यवाद। हम आपके साथ एक कहानी साझा करने आए थे और आपने हमें यादें दीं। बहुत सारा प्यार और आभार। जय हिंद।"