अजय देवगन की फिल्म 'दृश्यम: द कन्क्लूजन' का नया गाना 'मुस्कुरा दो' हुआ रिलीज, जानें क्या है खास!
नया गाना 'मुस्कुरा दो' हुआ लॉन्च
मुंबई, 23 सितंबर। अभिनेता अजय देवगन की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'दृश्यम: द कन्क्लूजन' के निर्माताओं ने हाल ही में 'मुस्कुरा दो' नामक गाना जारी किया है। यह गाना विजय सालगांवकर के परिवार पर केंद्रित है, जो उसकी संघर्षों के बीच एक महत्वपूर्ण पहलू है।
इस गाने को लकी अली ने गाया है, जबकि रोचक कोहली ने इसका संगीत तैयार किया है और मनोज मुंतशिर ने इसके बोल लिखे हैं। 'मुस्कुरा दो' सालगांवकर परिवार के बीच के प्रेम और एकता को दर्शाता है, साथ ही विजय के जीवन के सुखद क्षणों की झलक भी प्रस्तुत करता है।
लकी अली ने इस गाने में पुरानी यादों की मिठास भरी है। यह उनके और अजय देवगन के बीच का पहला म्यूजिकल सहयोग भी है, जो इसे और खास बनाता है।
लकी अली ने कहा, "'मुस्कुरा दो' दिल को छूने वाला है। इसमें पहले से ही गहराई है, इसलिए हमने इमोशन को जबरदस्ती नहीं दिखाया। यह गाना मुझे परिवार के साथ बिताए उन पलों की याद दिलाता है, जहां खुशी के लिए कुछ विशेष होना जरूरी नहीं। मैं चाहता था कि मेरी गायकी इस एहसास को जीवित रखे और गाना जितना संभव हो उतना स्वाभाविक लगे।"
कंपोजर रोचक कोहली ने कहा, "जब मैंने 'मुस्कुरा दो' पर काम करना शुरू किया, तो मुझे पता था कि इसे एक पारिवारिक गाना होना चाहिए। 'दृश्यम: द कन्क्लूजन' जैसी गंभीर फिल्म में इतना गर्मजोशी वाला गाना बनाना चुनौतीपूर्ण था। मैं चाहता था कि धुन में अपनापन हो, लेकिन वह सरल भी लगे। कहानी में तनाव है, इसलिए इस गाने को एक अलग एहसास देने की आवश्यकता थी। जब लकी अली जुड़े, तो गाने का इमोशनल मूड स्पष्ट हो गया।"
गीतकार मनोज मुंतशिर ने कहा, "मैं बार-बार इस विचार पर लौट रहा था कि परिवार अक्सर छोटी-छोटी बातों से बनता है। एक मुस्कान, साथ बैठना, बिना कुछ कहे बहुत कुछ कह देना, यही वो चीजें हैं जो हमें याद रहती हैं। इसी से 'मुस्कुरा दो' का निर्माण हुआ। मैं चाहता था कि शब्द फिल्मी न लगें, बल्कि जिंदगी के करीब और बातचीत जैसे हों।"
'मुस्कुरा दो' फिल्म के पहले गाने 'विंगांसा' से पूरी तरह भिन्न है। 'विंगांसा' में फिल्म का गहरा और प्रतिशोधी मूड दिखाया गया था, जबकि यह नया गाना प्रेम और शांति से भरा है। 'दृश्यम: द कन्क्लूजन' 'दृश्यम' फ्रेंचाइजी का तीसरा और अंतिम अध्याय है।