अक्षरा सिंह की नई फिल्म 'अम्बे है मेरी मां' का महा-प्रीमियर, जानें कब और कहां होगा प्रसारण!
अक्षरा सिंह की फिल्म का वर्ल्ड टेलीविजन प्रीमियर
मुंबई, 24 मार्च। भोजपुरी सिनेमा की चर्चित अदाकारा अक्षरा सिंह की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'अम्बे है मेरी मां' का वर्ल्ड टेलीविजन प्रीमियर जल्द ही होने वाला है। इस बारे में फिल्म के निर्माताओं ने मंगलवार को एक इंस्टाग्राम पोस्ट के माध्यम से जानकारी साझा की।
निर्माताओं ने फिल्म का एक प्रोमो वीडियो भी साझा किया। उन्होंने बताया कि फिल्म का वर्ल्ड टेलीविजन प्रीमियर 28 मार्च को होगा। यह फिल्म बी4यू भोजपुरी चैनल पर दो बार दिखाई जाएगी। पहला प्रसारण 28 मार्च, शनिवार को शाम 6:30 बजे और दूसरा प्रसारण 29 मार्च, रविवार को सुबह 9:30 बजे होगा।
इसके साथ ही निर्माताओं ने दर्शकों से आग्रह किया कि वे नवरात्रि के अवसर पर फिल्म का लोकप्रिय गीत 'अम्बे है मेरी मां' अवश्य सुनें।
यह गीत विशेष रूप से नवरात्रि के पावन पर्व के लिए तैयार किया गया है, जिसमें मां दुर्गा के प्रति भक्ति और कृपा को खूबसूरती से दर्शाया गया है।
प्रवीण कुमार गुडूरी द्वारा निर्देशित इस फिल्म की कहानी दहेज प्रथा पर आधारित है। अक्षरा सिंह इस फिल्म में मुख्य भूमिका में हैं, जो बचपन से मां अम्बे की सच्ची भक्त हैं। शादी के बाद ससुराल में होने वाली परेशानियों और दहेज लोभियों के खिलाफ उनका संघर्ष फिल्म में दिखाया गया है। मां दुर्गा उनकी मदद के लिए 'मौसी' के रूप में आती हैं और दहेज के लालचियों को सबक सिखाती हैं। फिल्म में पाखी हेगड़े मां अम्बे के किरदार में नजर आएंगी।
निर्देशक ने इस फिल्म को पुरानी हिंदी फिल्मों की तर्ज पर बनाया है, जिसमें देवी-भक्ति, पारिवारिक ड्रामा और नैतिक शिक्षा पर जोर दिया गया है। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि दर्शक इस फिल्म को किस तरह से स्वीकार करते हैं, क्योंकि यह अक्षरा की लंबे समय बाद पहली रिलीज है।
फिल्म में अक्षरा और पाखी हेगड़े के अलावा, राकेश बाबू, देव सिंह, प्रेम दुबे, विद्या सिंह, रामसुजान सिंह, निशा सिंह, निशा तिवारी, इन्द्रसेन सिंह, सुवेश, प्रीति राज, मंटू, राहुल शर्मा, प्रिया पारुल, शीतल यादव, प्रिया चौधरी और बाल कलाकार के रूप में स्वस्तिका राय और गुनगुन भी शामिल हैं।