अक्षरा सिंह का नया भक्ति गीत 'केलवा के पात' छठ पर्व पर आया, जानें खास बातें!
अक्षरा सिंह का नया भक्ति गीत 'केलवा के पात' रिलीज
मुंबई, 23 अक्टूबर। लोक आस्था का महापर्व छठ नजदीक है, और इस खास मौके पर अभिनेत्री अक्षरा सिंह ने अपने प्रशंसकों के लिए नया भक्ति गीत 'केलवा के पात' गुरुवार को पेश किया।
अक्षरा ने इंस्टाग्राम स्टोरी पर इस गाने की रिलीज की जानकारी साझा की। उन्होंने लिखा, "छठ मइया के आशीर्वाद से ‘केलवा के पात’ अब आपके लिए उपलब्ध है।"
इस गीत को अक्षरा सिंह और सुगम सिंह ने गाया है, जबकि इसके लिरिक्स मनोज मतलबी ने लिखे हैं। म्यूजिक मधुकर आनंद ने तैयार किया है। यह गीत यूट्यूब, स्पॉटिफाई, गाना और जियोसावन जैसे प्रमुख प्लेटफॉर्म्स पर उपलब्ध है।
गीत का वीडियो बेहद जीवंत और आकर्षक है, जिसमें अक्षरा छठ व्रत की कठिन तपस्या को मनोरंजक तरीके से प्रस्तुत कर रही हैं। वीडियो में वे साड़ी पहनकर पूजा करती नजर आ रही हैं, और इसमें सूर्यास्त, सूर्योदय, नदी का किनारा और व्रतियों की भक्ति भावना को खूबसूरती से दर्शाया गया है।
छठ पर्व बिहार, झारखंड और पूर्वी उत्तर प्रदेश का एक प्रमुख लोकपर्व है, जो सूर्य देव और छठी मइया को समर्पित है। यह चार दिनों तक चलने वाला व्रत है, जिसमें नहाय खाय, खरना, निर्जला उपवास और अर्घ्य जैसे कड़े नियम शामिल होते हैं।
हाल ही में, अक्षरा सिंह की फिल्म 'रूद्रशक्ति' रिलीज हुई थी, जिसमें विक्रांत सिंह उनके साथ मुख्य भूमिका में थे। यह एक प्योर लव स्टोरी है, जो पिछले जन्म के रिश्ते को दर्शाती है और इसे अच्छा रिस्पांस मिला है।
इसके अलावा, अक्षरा सिंह निरहुआ के साथ 'सात फेरे चार वचन' और 'अम्बे है मेरी मां' में भी नजर आएंगी। इन फिल्मों की शूटिंग पूरी हो चुकी है और अब ट्रेलर आने की तैयारी है।