हॉलीवुड के सितारे शॉन एस्टिन: दोस्ती और वफादारी का प्रतीक!
शॉन एस्टिन का अद्वितीय सफर
नई दिल्ली, 24 फरवरी। हॉलीवुड में कुछ ऐसे कलाकार होते हैं जिनकी पहचान उनके निभाए गए किरदारों से होती है। ऐसे ही एक अभिनेता हैं शॉन एस्टिन, जिनका जन्म 25 फरवरी 1971 को हुआ। एक्ट्रेस मां के बेटे ने बचपन से ही अभिनय की दुनिया में कदम रखा और धीरे-धीरे एक बहुमुखी कलाकार के रूप में अपनी पहचान बनाई।
शॉन एस्टिन का करियर 1980 के दशक में शुरू हुआ, जब उन्होंने फिल्म 'द गुनिज' में काम किया। यह फिल्म युवाओं के बीच काफी लोकप्रिय हुई और इसी से एस्टिन को पहचान मिली। लेकिन उन्हें वैश्विक स्तर पर प्रसिद्धि 'द लॉर्ड्स ऑफ द रिंग' ट्रिलॉजी में सैमवाइज गैम्जी की भूमिका निभाने से मिली। यह किरदार केवल एक सहायक पात्र नहीं था, बल्कि दोस्ती, वफादारी और साहस का प्रतीक बन गया। एस्टिन के अभिनय ने इस किरदार को भावनात्मक गहराई दी, जिसकी आज भी सराहना की जाती है।
एक अभिनेता के रूप में शॉन ने अपने किरदार में ढलने की अद्भुत मिसाल पेश की। 'लॉर्ड ऑफ द रिंग्स' के लिए उन्होंने 35 से 40 पाउंड वजन बढ़ाया था। अपनी आत्मकथा “देअर एंड बैक अगेन, एन एक्टर्स टेल” में उन्होंने 'लॉर्ड ऑफ द रिंग्स' की कहानी को साझा किया है।
उनकी मां बाइपोलर थीं, इसलिए वे मानसिक स्वास्थ्य के मुद्दों के प्रति जागरूकता फैलाने और लोगों की मदद करने में सक्रिय हैं।
फिल्मों के अलावा, एस्टिन ने टेलीविजन और वॉइस एक्टिंग में भी काम किया है। उन्होंने कई एनिमेटेड सीरीज और डॉक्यूमेंट्री प्रोजेक्ट्स में अपनी आवाज दी। हाल के वर्षों में, वे लोकप्रिय सीरीज 'स्ट्रेंजर थिंग्स' में भी नजर आए, जिससे नई पीढ़ी के दर्शकों के बीच उनकी पहचान बनी।
उनका अभिनय करियर केवल व्यावसायिक सफलता तक सीमित नहीं रहा। वे सामाजिक कार्यों और प्रेरणादायक भाषणों में भी सक्रिय रहे हैं, जहां उन्होंने अपने व्यक्तिगत अनुभवों और फिल्म उद्योग के सफर को साझा करते हुए युवाओं को प्रेरित किया है।