क्या है 'मिर्जापुर' की बीना त्रिपाठी की असली ताकत? रसिका दुग्गल ने किया खुलासा
बीना त्रिपाठी का अनोखा किरदार
मुंबई, 18 नवंबर। अभिनेत्री रसिका दुग्गल ने क्राइम थ्रिलर सीरीज 'मिर्जापुर' में बीना त्रिपाठी के रूप में एक खास पहचान बनाई है। इस सीरीज में बीना एक ऐसी महिला है, जो बाहरी तौर पर शांत दिखती है, लेकिन पर्दे के पीछे वह खेल को अपने तरीके से संचालित करती है। वह लोगों की कमजोरियों को बखूबी समझती है और समय आने पर उनका उपयोग अपने लाभ के लिए करती है।
रसिका का मानना है कि बीना की यह विशेषता उसे 'मिर्जापुर' के अन्य पात्रों से अलग और शक्तिशाली बनाती है।
एक इंटरव्यू में रसिका ने बीना को असली खिलाड़ी बताया। उनके अनुसार, जबकि सीरीज के पुरुष पात्र सत्ता और गद्दी के लिए एक-दूसरे से भिड़ते हैं, बीना चुपचाप खेल को समझती है और अपनी चालें चलती है। यह अनुमान लगाना मुश्किल है कि बीना कब क्या निर्णय लेगी।
जब रसिका से पूछा गया कि क्या वह बीना को 'मिर्जापुर' के सबसे ताकतवर पात्रों में से एक मानती हैं, तो उन्होंने कहा, "मैंने पहले कभी किसी महिला किरदार को इस तरह नहीं पढ़ा। पुनीत कृष्णा ने इस किरदार को लिखने में अद्भुत काम किया है। मैं हर सीजन में यह देखने के लिए उत्सुक रहती हूं कि वह बीना के लिए आगे क्या लेकर आएंगे।"
उन्होंने आगे कहा, "बीना का किरदार बेहद अनिश्चित है, और यही उसे खास बनाता है। आपको कभी नहीं पता होता कि वह अगली बार क्या करने वाली है। इस किरदार को निभाने में सबसे मजेदार बात यही है। वह वास्तव में पूरे खेल की सूत्रधार है।"
रसिका ने बताया कि बीना के किरदार को समझने के लिए उसकी निजी जिंदगी और अतीत को जानना आवश्यक है। कहानी में उसके दर्द, दुख, टूटे रिश्तों और अधूरे प्यार की झलक मिलती है। ये बातें दर्शकों को बताती हैं कि बीना इतनी बेरहम और मजबूत महिला कैसे बनी।
रसिका ने कहा कि उन्हें हर सीजन में बीना का किरदार निभाना बहुत पसंद है। उनके लिए इस किरदार की सबसे दिलचस्प बात यह है कि वह पुरुषों की तरह खुलकर सत्ता पाने के लिए नहीं लड़ती, बल्कि उनकी सोच और कमजोरियों को समझकर उन्हें अपने हिसाब से चलाती है।
अभिनेत्री ने कहा, "बीना वह महिला है, जो जानती है कि पुरुषों को अपने हिसाब से कैसे चलाना है। वह उन पुरुषों को देखती रहती है, जो आपस में अहंकार की लड़ाई लड़ रहे हैं। वे गद्दी हासिल करने के लिए विभिन्न रास्ते अपनाते हैं, लेकिन बीना चुपचाप पीछे बैठकर पूरा खेल चला रही होती है। मुझे उसका यह अंदाज बहुत पसंद है।"