क्या है टीवी अभिनेत्री संचिता उगले की मौत का सच? इंडस्ट्री में बढ़ते मानसिक तनाव पर उठे सवाल!
संचिता उगले की मौत पर इंडस्ट्री की प्रतिक्रिया
मुंबई, 15 जून। टीवी एक्ट्रेस संचिता उगले की आकस्मिक मृत्यु ने कई कलाकारों और इंडस्ट्री से जुड़े लोगों को चिंतित कर दिया है। इस मामले पर ऑल इंडिया सिने वर्कर्स एसोसिएशन (एआईसीडब्ल्यूए) ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए महाराष्ट्र सरकार से उच्च स्तरीय जांच की मांग की है। अभिनेत्री आंचल खुराना ने भी सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा कर इस मुद्दे पर गंभीर बातें की हैं, जिसमें उन्होंने काम के दबाव और मानसिक तनाव के बारे में चर्चा की।
एआईसीडब्ल्यूए के अध्यक्ष सुरेश श्यामलाल गुप्ता ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को पत्र लिखकर संचिता की मौत की गहन जांच की मांग की है।
एआईसीडब्ल्यूए ने अपने आधिकारिक बयान में कहा, ''संचिता उगले की असामयिक मृत्यु ने उनके परिवार को पूरी तरह से तोड़ दिया है और पूरी इंडस्ट्री शोक में है। हर जीवन की अहमियत है और इस मामले में सच्चाई का सामने आना आवश्यक है। जांच निष्पक्ष और पारदर्शी होनी चाहिए ताकि परिवार को न्याय मिल सके।''
इसके अलावा, एआईसीडब्ल्यूए ने सरकार से एक महत्वपूर्ण मांग की है। उन्होंने कहा, ''मनोरंजन उद्योग में आत्महत्या और मानसिक स्वास्थ्य से संबंधित मामलों की बढ़ती संख्या को देखते हुए एक समिति का गठन किया जाना चाहिए। यह समिति यह जांचे कि कलाकारों को किस प्रकार का मानसिक दबाव सहना पड़ता है और क्या उनके लिए पर्याप्त सहायता प्रणाली उपलब्ध है। कई बार कलाकारों की सुरक्षा और मानसिक स्थिति पर ध्यान नहीं दिया जाता, जो एक गंभीर चिंता का विषय है।''
एआईसीडब्ल्यूए ने आगे कहा, ''पिछले कुछ वर्षों में इंडस्ट्री में कई ऐसे मामले सामने आए हैं, जिनमें मौतों और आत्महत्या के कारणों पर सवाल उठते रहे हैं। कई बार परिवार, सहकर्मी और आम लोग जवाब मांगते हैं, लेकिन मामलों में स्पष्टता नहीं मिल पाती। हमारी अपील है कि इस केस में हर सबूत, परिस्थिति और एंगल को गंभीरता से जांचा जाए, ताकि किसी भी तरह की सच्चाई छिपी न रहे।''
इस बीच, अभिनेत्री आंचल खुराना ने भी इस मुद्दे पर अपनी राय व्यक्त की है। उन्होंने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो साझा किया, जिसमें उन्होंने टीवी और फिल्म इंडस्ट्री में कलाकारों पर पड़ने वाले मानसिक दबाव के बारे में खुलकर बात की। उन्होंने कहा कि यह इंडस्ट्री बाहर से जितनी आकर्षक लगती है, अंदर से उतनी ही कठिन और दबाव भरी हो सकती है।
आंचल खुराना ने वीडियो में संचिता उगले की मौत को क्रिएटिव इंडस्ट्री में काम के दबाव से जोड़ा। उन्होंने कहा, "कलाकारों को लगातार रिजेक्शन, तुलना और प्रतिस्पर्धा का सामना करना पड़ता है। कई बार छोटे-छोटे कारणों से कलाकारों को रिप्लेस कर दिया जाता है, जिससे उनका आत्मविश्वास टूट जाता है। चैनल और प्रोड्यूसर अक्सर सिर्फ टीआरपी और बजट को देखते हैं, जबकि कलाकारों की मानसिक स्थिति पर बहुत कम ध्यान दिया जाता है।"
उन्होंने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा, ''ऑडिशन और लगातार रिजेक्शन कलाकारों को अंदर से बहुत कमजोर कर देते हैं। हर दिन खुद को साबित करना पड़ता है और कई बार यह दबाव इतना बढ़ जाता है कि मानसिक तनाव बढ़ने लगता है। कई कलाकार इस तनाव को अकेले झेलते हैं और किसी से खुलकर बात नहीं कर पाते।''
उन्होंने वीडियो में अपील करते हुए कहा, ''अगर कोई व्यक्ति मानसिक तनाव में है, तो उसे अपने परिवार और करीबियों के साथ रहना चाहिए और अकेलेपन से बचना चाहिए। लोग अक्सर मजबूत बने रहने की सलाह देते हैं, लेकिन कोई यह नहीं बताता कि कितनी बार मजबूत रहना पड़ता है और कब तक।''